March 17, 2026

पड़ोसी जिले से पहुंचा हाथियों का झुंड, वन अमला सतर्क

कोरबा। जिले के कोरबा एवं कटघोरा वनमंडल में हाथियों की मौजूदगी बनी हुई है। कोरबा वनमंडल अंतर्गत कुदमुरा रेंज में 32 हाथियों का दल बीती रात पहुंंच गया। इसमें 6 नर, 12 मादा व 14 बच्चे (शावक) शामिल है। पड़ोसी धरमजयगढ़ वनमंडल से हाटी के रास्ते अचानक बड़ी संख्या में हाथियों के आने से वन विभाग की चिंता बढ़ गई है। वहीं ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाथियों का यह दल वर्तमान में कुदमुरा के तराईमार क्षेत्र में स्थित जंगल के कक्ष क्रमांक पी1140 में तराईमार व तौलीपाली के बीच जंगल में डेरा जमाए हुए है।
हाथियों के दल के आगे बढ़ने की संभावना है, जिसे देखते हुए वन अमला अलर्ट हो गया है। तराईमार तौलीपाली एवं कुदमुरा में मुनादी कराने के साथ ग्रामीणों को सावधान कर दिया गया है। उनसे कहा जा रहा है कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में हाथियों का आगमन हो गया है। अत: इनसे दूरी बनाए रखें। हाथियों को देखने अथवा वनोपज संग्रहण के लिए जंगल न जाएं। जहां कुदमुरा के निकट जंगल में 32 हाथियों की मौजदूगी बनी हुई है, वहीं रेंज के गीतकुंवारी में भी 7 हाथी विचरण करते पहुंच गए हैं। हाथियों के दोनों ही दल ने फिलहाल कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचाया है, लेकिन देर सबेर उत्पात की संभावना बनी हुई है। वन अमला हाथियों की लगातार निगरानी में जुट गया। उधर कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज में बड़ी संख्या में हाथियों की मैाजदूगी बनी हुई है, जिससे ग्रामीण भयभीत हैं। उन्हें डर है कि हाथी कहीं उनके गांव में न घुस जाएं और नुकसान पहुंचा दे।

ranjan photo
Admin

Spread the word