विकलांग युवती ने कलेक्टर से लगाई नौकरी की गुहार

कोरबा। ग्राम गोढी की निवासी विकलांग युवती तेरस बाई यादव ने रोजगार की मांग को लेकर कलेक्टर कोरबा को आवेदन सौंपा है। तेरस बाई ने जन्म से ही अपने बाएं पैर से 40 प्रतिशत दिव्यांगता होने की जानकारी देते हुए कहा कि वह एक गरीब किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं।
तेरस बाई ने बीए फाइनल और एमए (अंग्रेजी) की पढ़ाई पूरी की है, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते उच्च शिक्षा जारी रखना कठिन हो गया है। उन्होंने कलेक्टर से निवेदन किया है कि उन्हें शिक्षा विभाग या किसी अन्य सरकारी विभाग में विकलांग कोटा के अंतर्गत नौकरी प्रदान की जाए। तेरस ने कहा, मैं अपने परिवार की पहली महिला हूं जिसने उच्च शिक्षा प्राप्त की है। मैं चाहती हूं कि मेरी मेहनत से न सिर्फ मेरा परिवार, बल्कि समाज भी प्रेरणा ले। यदि मुझे नौकरी मिलती है तो मैं अपने घर की आर्थिक स्थिति सुधारने में मदद कर सकूंगी। कलेक्टर कोरबा ने तेरस बाई के आवेदन को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि उनके मामले पर उचित कार्रवाई की जाएगी और संभवत: जल्द ही रोजगार का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।