सावन के तीसरे सोमवार पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धा की बेमिसाल भीड़

कनकेश्वरधाम और पाली मंदिर में भक्तों की लंबी कतार, बोल-बम और हर-हर महादेव के जयकारों से माहौल भक्तिमय
जगह-जगह भोग भंडारे का आयोजन, प्रसाद ग्रहण करने उमड़े श्रद्धालु
कोरबा । सावन मास के तीसरे सोमवार को जिले के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान शिव के जलाभिषेक और दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कनकेश्वरधाम (कनकी) और ऐतिहासिक पाली शिव मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने परिवार की सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

नगर और उपनगरों के सभी प्रमुख शिवालयों सर्वमंगला मंदिर, एसईसीएल शिवालय, मुड़ापार, कपिलेश्वर मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। भक्तों ने भक्ति भाव से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और रुद्राभिषेक जैसे विशेष अनुष्ठानों में भाग लिया।
कनकेश्वरधाम में तो मंदिर से लेकर बस्तियों तक भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु चार से पांच घंटे तक कतार में खड़े होकर महादेव के दर्शन का इंतजार करते नजर आए। ब्रह्ममुहूर्त में जैसे ही मंदिर के पट खुले, श्रद्धालु दर्शन के लिए आतुर हो उठे। बोल-बम और हर-हर महादेव के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
इस बार के सावन सोमवार को तीन विशेष संयोग के कारण भक्तों में खास उत्साह देखा गया। कई श्रद्धालु कांवर यात्रा पर भी निकले। उन्होंने हसदेव तट से जल लेकर नंगे पांव पदयात्रा करते हुए कनकेश्वरधाम का रुख किया।
शहर के विभिन्न शिवालयों, चौक-चौराहों और रास्तों में भोग और भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे दिन कोरबा भक्ति और आस्था में सराबोर रहा।