खपरी सोनाडीह से निकली श्रद्धालुओं की टोली, पारसनाथ मंदिर में किया जलाभिषेक

बलौदाबाजार । श्रावण मास के पावन अवसर पर जिला बलौदाबाजार के खपरी सोनाडीह ग्राम से शिवभक्तों की एक टोली ने भारी उत्साह और भक्ति भाव के साथ कांवर यात्रा निकाली। लगभग 52 श्रद्धालु जल लेकर 85 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा कर अकलतरा के परसाही नाला स्थित प्रसिद्ध पारसनाथ मंदिर पहुंचे, जहां भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया।

यात्रा में शामिल धन्नू यादव और भानु प्रताप साहू ने जानकारी दी कि यात्रा की शुरुआत अपने गांव से हुई, जहां से सभी श्रद्धालु जल कलश लेकर निकले। 85 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर परसाही नाला स्थित प्रसिद्ध पारसनाथ मंदिर में जलाभिषेक किये। उसके बाद बस के माध्यम से कोरबा पहुंचकर उरगा के निकट प्रसिद्ध कनकी धाम और मां मड़वारानी मंदिर का दर्शन लाभ लिया। वहीं रात्रि विश्राम के बाद सभी कांवरिये सुबह सतरेगा, चतुगढ़ और रानी झरना जैसे रमणीय स्थलों में बाबा भोले नाथ का दर्शन लाभ लिया जायेगा । यात्रा के हर पड़ाव पर भक्तों ने हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण को शिवमय बना दिया। भक्तों के अनुसार यह यात्रा न केवल भक्ति का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और संयम का भी संदेश देती है। श्रद्धालुओं का कहना है कि इस यात्रा के माध्यम से उन्हें आध्यात्मिक ऊर्जा की प्राप्ति होती है और हर वर्ष वे इस परंपरा को निभाते हैं। यात्रा पूर्ण होने के पश्चात सभी श्रद्धालु अपने गांव की ओर रवाना हो जायेगे।