सरस्वती शिशु मंदिर दर्री में पल्स पोलियो अभियान को लेकर जागरूकता रैली आयोजित

कोरबा। दर्री स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर एक व्यापक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह अभियान 21 दिसंबर से प्रारंभ हो रहा है, जिसके तहत 5 वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों को पोलियो की ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
विद्यालय परिसर में आयोजित जागरूकता रैली की अध्यक्षता प्राचार्य सुषमा बारस्कर ने की। रैली में समस्त आचार्यगण सहित कक्षा षष्ठम से दशम तक के भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों से होकर निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों ने “हर बच्चा, हर टीका, हर जगह” और “पोलियो को हराना है, देश को स्वस्थ बनाना है” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। इस अवसर पर प्राचार्य सुषमा बारस्कर ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल है, जिसका उद्देश्य पोलियो वायरस के सामुदायिक प्रसार को रोकना एवं देश को पूर्णतः पोलियो मुक्त बनाए रखना है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 5 वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक दिलाएं।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत 21 दिसंबर को पोलियो बूथों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। विद्यालय परिवार द्वारा निकाली गई इस रैली ने समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने का सशक्त संदेश जन-जन तक पहुँचाया।