February 4, 2026

सुआभोंड़ी में 18 भट्ठा मालिकों पर कार्रवाई, 9 लाख ईंट जब्त, ट्रैक्टर सीज


0 अवैध ईंट भट्ठों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
कोरबा। जिले में अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए 18 ईंट भट्ठा मालिकों को कार्रवाई के दायरे में लिया है। हरदीबाजार तहसील अंतर्गत ग्राम हरदीबाजार एवं सुआभोंड़ी क्षेत्र में संयुक्त जांच दल द्वारा की गई इस कार्रवाई में करीब 9 लाख ईंट जब्त की गई है। जब्त ईंटों को पंचायत के सुपुर्द कर दिया गया है। इसके साथ ही अवैध परिवहन में उपयोग किए जा रहे एक ट्रैक्टर को भी जब्त कर पुलिस थाना के सुपुर्द किया गया है।


प्रशासन को लंबे समय से क्षेत्र में अवैध ईंट भट्ठों के संचालन, बिना अनुमति मिट्टी की खुदाई, अवैध विद्युत कनेक्शन तथा प्रतिबंधित ईंधन के उपयोग की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर राजस्व, पुलिस, पंचायत एवं विद्युत विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि कई ईंट भट्ठे बिना वैध अनुमति के संचालित किए जा रहे थे।

भट्ठों में अवैध रूप से बिजली कनेक्शन का उपयोग किया जा रहा था। इस पर तत्काल विद्युत विभाग के अधिकारियों को सूचना देकर अवैध कनेक्शन को जब्त करने की कार्रवाई की गई। वहीं ईंट पकाने में अवैध कोयले के उपयोग का मामला भी सामने आया है। स्थानीय लोगों ने जांच दल को बताया कि हरदीबाजार निवासी राजेश जायसवाल द्वारा जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर के माध्यम से बड़े पैमाने पर मिट्टी की अवैध खुदाई कर ईंट भट्ठों को आपूर्ति की जा रही थी। इस संबंध में भी अलग से जांच प्रारंभ की गई है। अवैध परिवहन में संलिप्त ट्रैक्टर को मौके से जब्त कर थाना हरदीबाजार में खड़ा कराया गया है। थाना प्रभारी द्वारा अवैध कोयला उपयोग, मिट्टी की अवैध खुदाई, अवैध परिवहन एवं नियमों के उल्लंघन से जुड़े मामलों में संबंधित धाराओं के तहत विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा।

इस कार्रवाई का नेतृत्व अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रोहित कुमार सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। कार्रवाई में तहसीलदार अभिजीत राजभानू, थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडेय, राजस्व अमला, पुलिस बल, पंचायत विभाग एवं विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जिले में अवैध ईंट भट्ठों, अवैध खनन, अवैध परिवहन और नियम विरुद्ध औद्योगिक गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सघन अभियान चलाया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठा संचालकों में हड़कंप की स्थिति है।

ranjan photo
Admin

Spread the word