सौर ऊर्जा से रोशन हो रहे बरपाली क्षेत्र के गांव

0 अदाणी फाउंडेशन की हरित पहल से सात ग्राम पंचायतों में ढांचागत विकास को मिला नया आयाम
कोरबा। जिले की बरपाली तहसील अंतर्गत ग्राम पताड़ी में स्थित अदाणी कोरबा पावर लिमिटेड एवं अदाणी फाउंडेशन द्वारा विकसित भारत–विकसित गांव की संकल्पना को साकार करने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। अदाणी फाउंडेशन की हरित पहल के तहत आसपास के सात गांवों में सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था स्थापित कर ग्रामीण ढांचे और मूलभूत सुविधाओं को सशक्त बनाया जा रहा है।
अदाणी फाउंडेशन द्वारा ग्राम पताड़ी सहित खोड्डल, पहंदा, सरगबुंदिया, ढनढनी, कुदूरमाल और देवरमाल ग्राम पंचायतों के चौक-चौराहों, गलियों, सार्वजनिक स्थलों तथा साप्ताहिक बाजारों में सोलर स्ट्रीट लाइट एवं सोलर हाई मास्ट लाइटें लगाई जा रही हैं। इससे न केवल गांवों की रात्रिकालीन सुरक्षा बढ़ी है, बल्कि आवागमन भी सुगम हुआ है।

जानकारी के अनुसार इस परियोजना को तीन चरणों में क्रियान्वित किया जा रहा है। प्रथम चरण में 50 सोलर स्ट्रीट लाइट एवं तीन सोलर हाई मास्ट लाइट लगाई गईं। सकारात्मक परिणाम सामने आने और ग्रामीणों की मांग के आधार पर द्वितीय चरण में 60 स्ट्रीट लाइट एवं दो सोलर हाई मास्ट लाइटें स्थापित की गईं। वर्तमान में तृतीय चरण के तहत दो सोलर हाई मास्ट लाइट लगाई जा चुकी हैं, जबकि 64 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य प्रगति पर है। आने वाले समय में पूरे क्षेत्र को सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था से आच्छादित करने की योजना बनाई जा रही है। गांवों के साप्ताहिक बाजारों में हाई मास्ट लाइट लगने से बाजार पहले की तुलना में अधिक समय तक खुले रह रहे हैं, जिससे स्थानीय व्यापारियों की आय में भी वृद्धि हो रही है। ग्राम पंचायत पताड़ी के सरपंच प्रधान सिंह ठाकुर ने बताया कि अदाणी फाउंडेशन द्वारा लगाए गए सोलर लाइटों से गांव की गलियों में पूरी रात रोशनी रहती है, जिससे दुर्घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों पर भी अंकुश लगा है। वहीं ग्राम पताड़ी की सब्जी विक्रेता दुकेश्वरी देवी ने बताया कि बाजार में हाई मास्ट लाइट लगने से अब अलग से रोशनी की व्यवस्था नहीं करनी पड़ती और दुकान देर तक खुली रख पाना संभव हो पाया है, जिससे आमदनी बढ़ी है। ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने अदाणी फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे अन्य सामुदायिक विकास कार्यों की भी सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है। उल्लेखनीय है कि अदाणी समूह द्वारा अदाणी फाउंडेशन के माध्यम से कोरबा, रायपुर, सरगुजा, दुर्ग, बलौदा बाजार-भाटापारा एवं बिलासपुर जिलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना विकास एवं आजीविका उन्नयन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।