केपीएल में सेवा का संकल्प, 581 यूनिट रक्तदान कर मनाया जन्मदिवस

0 रक्तदान बना जन्मदिवस का सबसे बड़ा उपहार, 1000 पौधे लगाए
कोरबा। अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी के 64वें जन्मदिवस के अवसर पर कोरबा पावर लिमिटेड परिसर में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बिलासा ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित शिविर में कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 581 यूनिट से अधिक रक्तदान किया। वहीं जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 1000 पौधों का रोपण भी किया गया, जिसमें 700 से अधिक लोगों की सहभागिता रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ केपीएल के चीफ बिजनेस अधिकारी समीर कुमार मित्रा एवं परियोजना प्रमुख सी.वी. के. प्रसाद ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर केक काटकर गौतम अदाणी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन तथा अदाणी समूह की निरंतर प्रगति की कामना की गई। चीफ बिजनेस अधिकारी श्री मित्रा ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान के समान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर स्वेच्छा से रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं। शिविर के सफल संचालन में बिलासा ब्लड बैंक एवं केपीएल के चिकित्सकों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. मिथिलेश प्रसाद, डॉ. सोमेंन सिंह, डॉ. आयुष गुप्ता और डॉ. राज नंदिनी साहा ने रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच एवं देखरेख की। आयोजन में अदाणी फाउंडेशन और मानव संसाधन विभाग का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान एवं सामाजिक सेवा के ऐसे अभियानों से जुड़ने की अपील की।
