कोरबा : आधी रात 2 लाख की लूट के मामले में फरार दो आरोपी गिरफ्तार, दोनों का नाम ‘सोमनाथ’

कोरबा। करीब सात माह पहले मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र क्षेत्र में हुई दो लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 21 दिसंबर 2025 की रात करीब 2:30 बजे ददरखुर्द क्षेत्र में प्रार्थी दीपक ठाकुर के साथ मारपीट कर आरोपियों ने लगभग 20-22 ग्राम वजनी सोने की चेन, 70 हजार रुपये नकद समेत करीब 2 लाख रुपये की संपत्ति लूट ली थी। मामले की रिपोर्ट मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र में दर्ज होने के बाद थाना कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।

तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना से मिली सफलता

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए, तकनीकी विश्लेषण किया और लगातार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देती रही। इस मामले में पहले ही एक आरोपी के खिलाफ चालान न्यायालय में पेश किया जा चुका था, जबकि दो आरोपी घटना के बाद से फरार थे।

मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  • सोमनाथ सेनगुप्ता उर्फ सोमू
  • सोमनाथ अग्रवाल उर्फ सोमू अग्रवाल

अभियान रहेगा जारी

कोरबा पुलिस ने बताया कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत फरार, आदतन एवं गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी इसी तरह का अभियान जारी रहेगा।

ranjan photo
Admin

Spread the word