July 7, 2024

कांग्रेस की झूठी एफ आई आर के खिलाफ कोरबा जिले में जगह जगह दिया गया धरना

विधायक और पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने की झूठी रिपोर्ट की कड़ी निंदा

कोरबा 21 मई। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के द्वारा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह और राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ संबित पात्रा के विरूद्ध कराई गई झूठी एफ आई आर के विरोध में पूरे प्रदेश के साथ जिले के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी पूरे जिले में धरना प्रदर्शन किया।

इसी कड़ी में रामपुर क्षेत्र के विधायक और पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कँवर ने अपने निवास स्थान पर धरना दिया। इस मौके पर जिला भाजपा के कोषाध्यक्ष गोपाल मोदी भी धरना में शामिल हुए। विधायक कंवर ने भाजपा नेताओं के खिलाफ फर्जी रिपोर्ट की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते करते राष्ट्र विरोधी क्रियाकलापों में लिप्त हो गई है। ऐसी ही गतिविधियों के कारण वह हाशिये में चली गई है और आने वाले समय के लिए वह खुद कांग्रेस मुक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका तय कर रही है।

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व संसदीय सचिव लखनलाल देवांगन ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अपने निवास के बाहर धरना दिया।

भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विकास महतो और जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ राजीव सिंह ने भी संयुक्त रूप से धरना दिया।

जिले के विभिन्न शहरों कस्बों और भाजपा के मण्डल मुख्यालयों में भी भारतीय जनता पार्टी पदाधिकारियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए धरना प्रदर्शन किया। जिला भाजपा महिला मोर्चा की नेताओं, पदाधिकारियों ने भी पूरे जिले में धरना प्रदेशन किया।

जानकारी के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के रायपुर के मौलश्री विहार स्थित निवास पर उनके साथ पूर्व मंत्री राजेश मूणत और कुछ अन्य प्रमुख नेताओं ने धरना दिया। वहीं दूसरी ओर विधायक बृजमोहन अग्रवाल के निवास पर सांसद सुनील सोनी, पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल धरने पर बैठे। उधर भाजपा के रायपुर जिलाध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने कार्यकर्ताओं के साथ एकात्म परिसर में धरना दिया।

Spread the word