February 25, 2026

वर्ष 2020-21 में छात्रवृत्ति आवेदन करने से चूके विद्यार्थियों को मिला पुनः अवसर

महाविद्यालयीन विद्यार्थियों से छात्रवृत्ति के ऑनलाईन आवेदन 10 जून से आमंत्रित

कोरबा 05 जून 2021. कोविड-19 के कारण महाविद्यालयों में विद्यार्थियों का प्रवेश विलंब तथा परीक्षा परिणाम विलंब से घोषित होने के कारण शिक्षण सत्र 2020-21 में छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने से चूक गए विद्यार्थियों को पुनः आवेदन करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। ऐसे विद्यार्थियों का ऑनलाइन आवेदन 10 जून से स्वीकार किया जाएगा। शिक्षा सत्र 2020-21 में शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, आई.टी.आई., नर्सिंग, पाॅलिटेक्निक, डाईट आदि संस्थाओं में नियमित अध्ययनरत् अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के ऐसे विद्यार्थी पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिये 10 जून 2021 से 17 जून 2021 तक ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिये ऑनलाईन पोर्टल http://mpsc.mp.nic.in/cgpms पर लाॅग इन किया जा सकता है।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री एस. के. वाहने ने बताया कि सभी कालेजों के विद्यार्थियों द्वारा पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के नये आवेदन एवं नवीनीकरण के आवेदन इसी पोर्टल पर स्वीकार किये जायेंगे। ड्राॅफ्ट प्रपोजल 19 जून तक लाॅक कर दिये जायेंगे। शैक्षणिक संस्थाओं द्वारा स्वीकृत आवेदनों पर केवाईसी जमा करने की अंतिम तिथि 20 जून 2021 होगी। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने बताया कि महाविद्यालयों के प्राचार्यों और प्रमुख प्रशासनिक अधिकारियों को कोविड के कारण छात्रवृत्ति आवेदन करने से चूक गए अपने संस्था के सभी पात्र विद्यार्थियों द्वारा पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिये ऑनलाईन आवेदन करना सुनिश्चिित कराने की जिम्मेदारी दी गयी है। किसी भी स्थिति में विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति से वंचित रहने पर संस्था प्रमुख स्वतः जिम्मेदार होंगे।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word