March 17, 2026

एसपी ने हाट बाजारों का लिया जायजा, स्थानीय लोगों से की बातचीत

कोरबा 15 सितंबर। पुलिस की कार्यप्रणाली को जवाबदेह और पारदर्शी बनाने के लिए लगातार काम हो रहा है। डीजीपी डीएम अवस्थी ने मातहतो को अपने क्षेत्रों का भ्रमण करने के साथ जरूरी जानकारी लेने को कहा है। कोरबा के एसपी भोजराम पटेल ने आज इस कड़ी में उरगा थाना क्षेत्र के कई गांवों को दौरा किया। उन्होंने लोगों से मिलकर पूछा कि क्या शिकायत करने पर पुलिस सुनवाई करती भी है या नहीं। अधिकारियों और कर्मचारियों के रवैय्ये की भी खबर ली गई।

पुलिस ने चौपाल लगाने के साथ लोगों से प्रत्यक्ष संपर्क व संवाद करना तय किया है। लोगों के करीब पहुंचने की कोशिश इस कड़ी में की जा रही है। उरगा थाना क्षेत्रांतर्गत आने वाले मड़वारानी पहुंचकर देवी दर्शन कर लोगों की खुशहाली की कामना की। एक स्थान पर उन्होंने साप्ताहिक हाट बाजार का जायजा लिया। किसानों से उनके व्यवसाय की जानकारी हासिल करने के साथ उनकी चुनौतियों को जाना। बाजार से सब्जी खरीदने के साथ यहां पर कुछ लोगों से स्थानीय मसलों पर बातचीत की गई। विभागीय अधिकारी ने अपने अभियान के अंतर्गत मुख्यरूप से लोगों से यह भी पता किया कि उरगा थाना के अधिकारी और कर्मियों का रवैय्या उनके साथ कैसा है। यह भी पता किया गया कि जनता की शिकायतों को किस नजरिये से पुलिस लेती है। चौपाल में आयी समस्याओं का निराकरण भी यथासंभव किया गया। एसपी ने ग्रामीणों को यातायात नियमों का परिपालन करने की भी समझाईश दी। यह भी कहा गया कि बैंक फ्राड और ठगी के इरादे से आने वाले फोन काल के बारे में पुलिस को अवगत कराया जाए। दौरे में सीएसपी योगेश साहू सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word