February 26, 2026

ट्रैक पर मिला सीएसईबी कर्मी का शव

कोरबा 11 अक्टूबर। न्यू रेलवे कालोनी से स्टेशन जाने वाले रास्ते में रेलवे ट्रैक पर आज एक व्यक्ति का शव मिला है। उसकी पहचान सीएसईबी कर्मी के रूप में उस कार्ड से हुई, जो जेब में पाया गया। आरपीएफ और मानिकपुर पुलिस ने मौके का जायजा लिया। माना जा रहा है कि प्रकरण खुदकुशी का हो सकता है। इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

जानकारी के अनुसार रामवचन सिहं 58 वर्ष कोरबा के सीएसईबी कालोनी एसई 538 में परिवार के साथ निवासरत था। वह सीएसईबी में कर्मचारी था। पिछली शाम से वह घर नहीं पहुंचा था। इस आधार पर उसे लापता माना गया। परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी थी। जिसके बाद से उसकी तलाश का काम यहां-वहां चल रहा था। इस बीच स्टेशन मार्ग पर रेलवे ट्रेक के पास अज्ञात शव को लोगों ने देखा। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। जिसके बाद मानिकपुर पुलिस और आरपीएफ की टीम ने घटना स्थल का जायजा लिया। यहां पर की गई कार्रवाई के अंतर्गत मृतक के जेब से उसकी पहचान पत्र प्राप्त हुई। जिससे मालूम चला कि वह सीएसईबी में नियोजित था। पुलिस ने इस संबंध में खोजबीन कर परिजनों को जानकारी दी। उनकी मौजूदगी में शव का पंचनामा करने के साथ पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया गया। इस मामले को संदिग्ध मौत से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस ने औपचारिक रूप से 174 सीआरपीसी के अंतर्गत मर्ग कायम किया है। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। वचनराम सीएसईबी का कर्मचारी था। ऐसे में उसकी ड्यूटी संबंधित क्षेत्र में ही लगाई जाती थी। आखिर वह न्यू रेलवे कालोनी के पास किन कारणों से पहुंचा था, यह अहम सवाल है। यहां आने के साथ उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई यह पुलिस की जांच का विषय है।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word