April 17, 2026

गोंगपा संस्थापक की नई मूर्ति लगाने की तैयारी, लगा पुलिस बल

कोरबा 28 फरवरी। 17 फरवरी की रात शराब के नशे में दो युवकों के द्वारा गुरसिया गांव में बाजार चौक पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के संस्थापक की मूर्ति तोड़ दी गई थी। इसे लेकर मचे बवाल के बीच आरोपी गिरफ्तार कर लिये गए। पार्टी ने उसी स्थान पर आज नई मूर्ति लगाना तय किया है। कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए काफी संख्या में यहां पुलिस बल लगाया गया है।

पुलिस ने चार दिन पहले जांच पड़ताल के साथ इस सिलसिले में दो युवकों को गिरफ्तार किया था, जो आसपास के इलाके के रहने वाले हैं। बताया गया कि 9 लोग पार्टी के लिए इस क्षेत्र में पहुंचे थे। शराबखोरी करने के बाद उन्होंने वापसी के लिए रूख किया और इसी दौरान गुरसिया बाजार चौक में पहुंचकर गोंगपा प्रमुख रहे स्व.हीरासिंह मरकाम की मूर्ति को तोड़ दिया था। इस मामले में पार्टी कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताने के साथ प्रदर्शन किया था और पुलिस ने एफआईआर दर्ज करवाई थी। सीसीटीवी फुटेज खंगालने सहित अलग-अलग स्तर पर की गई जांच के साथ इस मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसी के साथ काफी हद तक नाराजगी दूर करने की कोशिश की गई। जानकारी के अनुसार अब पार्टी ने संस्थापक की नई मूर्ति की व्यवस्था करने के साथ आज उसे उसी स्थान पर स्थापित करना तय किया है। मौके पर इन कारणों से किसी भी तरह अशांति और खलल उत्पन्न न होने पाए इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन एक्टिव है। एसपी के निर्देश पर एसडीओपी ईश्वर त्रिवेदी, थाना प्रभारी अनिल पटेल, नवीन देवांगन, माधोराम साहू, रक्षित पुलिस केंद्र के सूबेदार भुवनेश्वर कश्यप सहित लगभग 40 पुलिस कर्मियों को यहां पर लगाया गया है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word