March 25, 2026

महादेव की जलाभिषेक और अनुष्ठान कर भक्तों ने महाशिवरात्रि पर की उपासना

कोरबा 1 मार्च। आदि देव महादेव की उपासना का प्रमुख पर्व महाशिवरात्रि कोरबा क्षेत्र में भक्ति भाव के साथ महाशिवरात्रि मनाया गया। सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना का दौर जारी रहा। जिले के प्रमुख धार्मिक क्षेत्र कनकेश्वर महादेव में महाशिवरात्रि पर्व पर भक्तों की भीड़ उमड़ी। हसदेव नदी के तट पर स्थित कनकेश्वर महादेव का इस पर्व पर दर्शन पूजन करने के लिए जिले के अलावा आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति सुनिश्चित की। इस अवसर पर मेला का आयोजन भी जनपद पंचायत करतला के द्वारा किया गया। बताया गया कि प्रतिवर्ष महाशिवरात्रि पर इस तरह का आयोजन यहां पर होता है और इसका अपने आप में काफी महत्व है। शारदा विहार स्थित शिव मंदिर, नगर निगम कालोनी मृत्युंजय मंदिर, त्रिलोकीनाथ मंदिर, शिव पंचायतन पुराना बस स्टैंड, द्वाद्वश ज्योतिर्लिंग सप्तदेव मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं ने उपस्थिति दर्ज कराने के साथ अनुष्ठान में हिस्सा लिया।

वार्ड क्रमांक 12 शारदा विहार के अंतर्गत स्थित शिव मंदिर में सुबह से हिंदू जनमानस ने महाशिवरात्रि पर अपनी भागीदारी दर्ज कराने के साथ भगवान महादेव की पूजा-अर्चना की। यहां पर भगवान का जलाभिषेक, दुग्ध अभिषेक और रुद्राभिषेक किया गया। विभिन्न क्षेत्रों के लोग यहां पर पहुंचे थे जिन्होंने आस्था के साथ भक्ति भाव का प्रदर्शन इस अवसर पर किया। सामाजिक कार्यकर्ता और वार्ड के पूर्व पार्षद जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि कोविड के हालात से गुजरने के बाद अब सब कुछ सामान्य हुआ है और धार्मिक गतिविधियां विस्तार प्राप्त कर रही हैं। महाशिवरात्रि पर हमारे वार्ड के शिव मंदिर में भक्त जनों ने आस्था और श्रद्धा दिखाई। इस अवसर पर सभी के लिए मंगल कामना की गई। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर कोरबा नगर के साथ-साथ उप नगरीय क्षेत्रों और अंचल में भी कई प्रकार के अनुष्ठान एवं आयोजन किए। कई स्थानों पर रात्रि को जगराता के कार्यक्रम भी होंगे।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word