February 4, 2026

रकम दोगुना करने का झांसा, ठेका मजदूर हुआ आनलाइन ठगी का शिकार

कोरबा 7 मार्च। दर्री थानांतर्गत ग्राम लाटा निवासी मनोज कुमार विश्वकर्मा बाल्को संयंत्र में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत है। उसने पुलिस को बताया कि मई 2021 में उसके मोबाइल पर कृतिका अग्रवाल नामक युवती ने चेन्नई आंध्रप्रदेश से फोन कर अपने टेलीकाम कम्यूनिकेशन कंपनी में जुड़कर इंकम दोगुना करने का अश्वासन दिया। इसके बाद दूसरे मोबाइल नंबर से अलिशा नामक युवती ने फोन कर मेडिकल के लिए कुछ रकम जमा करने कहा। उसने मीट एंड डेटिंग ग्रुप में ज्वाइन होना बताते हुए मोबाइल के जरिए किस्तों में 45 हजार 500 रुपये चंदना डे नामक युवती के खाते में जमा करा दिया। इसके कुछ दिन बाद कृतिका अग्रवाल ने उसे फोन कर बताया कि उसकी जमा रकम लेकर अलिशा भाग गई है। कृतिका और दीपक ने उसे जमा रकम वापस दिलवाने का झांसा देते हुए 45 हजार 500 रुपये फिर से जमा करने कहा। इस पर मनोज ने इंकार कर दिया, तब युवतियों ने उसे फंसाने के लिए जांजगीर-चांपा जिले के महाराजा होटल में आयोजित बैठक में आने को कहा, पर मनोज ने इंकार कर दिया। इस बीच कृतिका ने फोन कर कंपनी के खाते में 63 हजार रुपये जमा कराने कहा ताकि पुरानी जमा राशि 45 हजार 500 रुपये वापस मिल सकें। इस बार मनोज झांसे में आ गया और 45 हजार 500 लेने के चक्कर में उसने 63 हजार रुपये सोनिया डिबेटा के मोबाइल में जमा करा दिया। कुछ दिनों बाद दीपक महतो नामक युवक ने खुद को क्राइम ब्रांच का पुलिस बताकर एक युवती के साथ दुष्कर्म कराने का आरोप लगा कर धमकाया और इससे बचने के लिए पांच लाख की मांग रखी। वहीं अविनाश नामक युवक ने फोन कर दीपक से नहीं डरने का आश्वासन देते हुए कहा कि कंपनी द्वारा इस मामले सुलझा लिया जाएगा।

पुरानी रकम वापस लेने के लिए फिर अभिषेक गांगुली व सिबा आरती के गूगल पे अकाउंट में 19500 रुपये जमा कराने कहा। बाद में नवरात्रि के समय दीपक ने 8500 जमा करने कहा गया। इस तरह मनोज कुमार से लगभग ढाई लाख रुपये की आनलाइन ठगी कर ली गई। रकम वापस नहीं मिलने पर मनोज ने कृतिका अग्रवाल, दीपक साव, सोनिया डिबेटा,ऋतु भाटिया, दीपक महतो, माही, अंकिता, संजना शर्मा उर्फ अलिशा व अभिषेक गांगुली के विरुद्ध बाल्को थाना में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने धारा 420, 34 के तहत जुर्म दर्ज कर विवेचना में लिया है।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word