March 21, 2026

मायके वालों को शराब देने से नाराज पति ने की थी पत्नी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

कोरबा 23 मार्च। पहाड़ी कोरवा महिला पर उसके पति ने नाराज होकर डंडे से सिर पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस को गुमराह करने छत से गिरने से मौत होने की झूठी कहानी सुनाई। करीब दो माह पहले हुई इस घटना की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर हमले से मौत की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है।   

पुलिस सूत्रों के अनुसार रजगामार पुलिस चौकी अंतर्गत आने वाले ग्राम सरडीह निवासी बनाऊ राम पहाड़ी कोरवा 35 साल ने 30 जनवरी को घर में कच्ची शराब बनाया था। वह चखना तैयार करने मुर्गा खरीदने मदनपुर गया था। इस बीच उसकी पत्नी शांति बाई ने शराब अपने मायके वालों को दे दी। वापस घर लौटने पर बनाउ राम को यह जानकारी लगी, तो वह आग बबूला हो गया। पत्नी के साथ वह विवाद करने लगा और बात इतनी बढ़ गई कि आक्रोशित हो डंडा लेकर उसे मारने दौड़ाने लगा। वह भाग कर किसी तरह जान बचाने की कोशिश की, पर बनाउ राम ने उसे पकड़ लिया और सिर पर डंडे से वार कर दिया। बताया जा रहा है कि शांति बाई की मौके पर ही ढेर हो गई और उसकी मौत हो गई। इस घटना की सूचना आरोपित बनाउ राम ने खुद पुलिस को दी और बताया कि किसी काम से छत पर गई थी और उंचाई से गिरने पर उसकी मौत हो गई है। पुलिस को उस पर संदेह था, पर साक्ष्य नहीं होने की वजह से तत्काल कार्रवाई नहीं की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि किए जाने पर उससे सख्ती से पूछताछ की गई और उसने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या का मामला धारा 302, 201 के तहत पंजीबद्ध कर गिरफ्तार कर लिया है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word