April 12, 2026

भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह ने रेलमंत्री को लिखा पत्र.. यात्री ट्रेने शुरू करने का किया अनुरोध

कोरबा 4 मई। भारतीय जनता पार्टी कोरबा के जिला अध्यक्ष डॉ राजीव सिंह ने केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र लिखकर कोरबा से बंद की गई रेलगाड़ियों का पूर्ववत संचालन सुनिश्चित करने और रेल यातायात की अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि भाजपा जिलाध्यक्ष ने केंद्रीय रेल मंत्री को प्रेषित अपने पत्र में अवगत कराया था कि छत्तीसगढ़ का कोरबा यहां की कोयला खदानों, विद्युत संयंत्रों और एलमुनियम कारखाना की वजह से बेहद महत्वपूर्ण है। इन उद्योगों की वजह से देश के विभिन्न प्रांतों के मूलनिवासी बड़ी संख्या में कोरबा में बस गए हैं। विभिन्न प्रांतों के सभी नागरिक नियमित रूप से अपने प्रांतों में आवागमन करते हैं। इन नागरिकों के लिए विभिन्न प्रांतों तक रेल यातायात की सुविधा उपलब्ध नहीं है। कोरबा में अतिरिक्त रेलगाड़ियों की संचालन की आवश्यकता है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर अतिरिक्त ट्रेन सुविधा उपलब्ध नहीं करा रहा है बल्कि इसके विपरीत पूर्व से संचालित सुविधाओं में कटौती कर रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉक्टर राजीव सिंह ने बंद की गई ट्रेन सुविधा को बहाल करने के साथ ही अतिरिक्त ट्रेन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग केंद्रीय रेल मंत्री से की है। भाजपा के केंद्रीय कार्यालय नई दिल्ली में डॉ राजीव सिंह का यह पत्र केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री डॉक्टर किशन राव कराडे को बुधवार को प्रस्तुत किया गया जिन्होंने अपनी अनुशंसा के साथ उक्त पत्र को केंद्रीय रेल मंत्री को प्रेषित किया।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word