September 20, 2024

एसईसीएल केन्द्रीय चिकित्सालय में छज्जा गिरा, कार को हुआ नुकसान

कोरबा 6 मई। यहां के एसईसीएल केन्द्रीय चिकित्सालय के एक हिस्से में छज्जा गिरने की घटना में एक कार को काफी नुकसान हुआ। गनिमत यह रही कि घटना स्थल के आसपास अस्पताल के कर्मी मौजूद नहीं थे, वरना दिक्कतें बढ़ सकती थी। अस्पताल प्रबंधन ने कार को हुए नुकसान की भरपायी करने की बात कही है।   

जानकारी के अनुसार आज सुबह 10 बजे के आसपास सीजीएम कार्यालय जाने वाले रास्ते पर स्थित एसईसीएल के केन्द्रीय चिकित्सालय के कोविड वार्ड वाले हिस्से में यह घटना हुई। दो वर्ष पहले कोविड की स्थिति को देखते हुए मरीजों के उपचार के लिए यहां पर कोविड वार्ड बनाया गया था। काफी लोगों को यहां पर लाभ दिया गया। स्थिति सामान्य होने के बाद से यह सामान्य हो गया। बताया गया कि इस हिस्से में अस्पताल के वाहन चालक कुछ देर के लिए आराम किया करते थे। आज सुबह यहां पर कोई भी व्यक्ति उपस्थित नहीं था। इस दरम्यान एकाएक छज्जा वाला हिस्सा भरभरा कर गिर पड़ा। इसकी आवाज सुनकर चिकित्सक और कर्मी सहित उपचार कराने पहुंचे लोग सख्ते में आ गए। उन्होंने फौरी तौर पर यहां उपस्थिति दर्ज करायी तो नजारे को देख उनकी आखें खुली की खुली रह गई। यहां पर देखने को मिला की पास में खड़ी डिजायर कार संख्या सीजी 12 एएस 9900 के पीछे का सीसा पूरी तरह टूट गया। घटना के दौरान और कोई जनहानि न होने से अस्पताल प्रबंधन ने राहत की सांस ली। माना जा रहा है कि कोविड वार्ड का छज्जा निश्चित रूप से कमजोर रहा होगा। दिन पूरे होने के साथ आज इसका समापन हो गया।   

बताया गया कि जिस कार को नुकसान हुआ है वह औषधि प्रशासन विभाग के एक निरीक्षक की बतायी जा रही है। वह विभागीय काम के लिए यहां पहुंचा था। उसने कार को कोविड वार्ड की तरफ खड़ा किया था, जिसका पीछे का हिस्सा घटना में प्रभावित हो गया। इसे लेकर उसके द्वारा काफी हो हल्ला मचाया गया। खबर के अनुसार मामले की जानकारी होने पर अस्पताल प्रबंधन ने वाहन का सुधार कराना तय किया है। इसी के साथ विवाद समाप्त हो गया।

Spread the word