March 23, 2026

बिजली मानव जीवन व विकास के लिए सबसे अधिक जरूरी: अजय अग्रवाल

कोरबा 29 जुलाई। आजादी के अमृत महोत्सव अंतर्गत एनटीपीसी, सीएसपीडीसीएल व अंबिकापुर जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में राजमोहनी देवी कृषि महाविद्यालय अंबिकापुर में उज्ज्वल भारत, उज्ज्वल भविष्य 2047 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अग्रवाल ने कहा कि आज बिजली मानव जीवन एवं विकास के लिए इतना जरूरी हो गया है कि इसके बिना विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती। बिजली की जितनी जरूरत है उतनी ही जरूरत इसे बचाकर रखने की भी है। बहुत परिश्रम से बिजली का उत्पादन होता है। इसमें मानव श्रम से लेकर समय लागत सब व्यय होते है। हमें अनावश्यक बिजली खपत से बचना चाहिए।

कार्यक्रम का शुभारंभ बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि अजय अग्रवाल समेत अन्य विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर एनटीपीसी एवं सीएसपीडीसीएल की लघु फि़ल्म को प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नुक्कड़ नाटक की भी प्रस्तुति दी गई। मुख्य अतिथि अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य बिजली उत्पादन में अग्रणी व जीरो पावर कट राज्य है, यहां से बिजली दूसरे राज्य को जाता है। अब हर पारा मोहल्ला में बिजली पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि तीन वर्ष पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अगुवाई में सरकार ने बिजली बिल हाफ योजना के तहत कई करोड़ के बिजली बिल माफ किया। कमिश्नर जीआर चुरेंद्र ने कहा कि उर्जा विकास के लिए एक अनिवार्य एवं महत्वपूर्ण घटक है। उर्जा की आवश्यकता हर क्षेत्र में होती है। आज के दौर में बिजली की पहुंच दूर-दराज के मजरा-टोलों तक हो गई है। बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए इसके बचत के बारे में सोचना ज्यादा जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में अनावश्यक बिजली के उपयोग से बचने का भरसक प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम को एनटीपीसी के सहायक महाप्रबंधक एसपी सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार लंगेह, अपर कलेक्टर ए एल धु्र्वे एसडीएम प्रदीप साहू, सीएसपीडीसीएल के मुख्य अभियंता एपी सिंह, एनटीपीसी के प्रबंधक शशांक छाजेड़, क्रेडा के अधीक्षण अभियंता अशोक अग्निहोत्री, सीएसपीडीसीएल के अधीक्षण अभियंता राजेश लकड़ा समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा कि उज्ज्वल भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए महापुरूषों ने जो सपना देखा था उसमें उर्जा एक महत्वपूर्ण स्थान है। हम अपनी छोटी-छोटी आदतों में सुधार कर अनावश्यक बिजली खपत से बच सकते हैं। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग द्वारा संचालित कई योजनाओं से प्रत्येक घर विद्युत से रोशन हो चुका है। उन्होंने बताया कि बिजली बिल हाफ योजना के तहत जिले के 76 हजार 289 हितग्राहियों को 48 करोड़ रुपये की छूट दी गई है। 8 हजार 563 किसानों को 172 करोड़ रुपये की छूट कृषि पंप में दी गई है तथा 90 हजार 870 बीपीएल परिवारों को 40 करोड़ रुपये की छूट दी गई है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word