July 7, 2024

एक साथ 134 टीमों ने कोरबा नगर निगम के सभी 67 वार्डो में चलाया वैक्सीनेशन महाअभियान

कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने निगम आयुक्त श्री प्रभाकर पाण्डेय व अधिकारियों की टीम के साथ किया वार्ड व बस्तियों में निरीक्षण

कोरबा 23 अगस्त। 22 से प्रारंभ हुए 04 दिवसीय कोरोना वैक्सीनेशन महाअभियान के प्रथम दिवस में एक साथ 134 टीमों ने कोरबा नगर निगम के सभी 67 वार्डो में वैक्सीनेशन का महाअभियान संचालित करते हुए पात्रतानुसार लोगों को प्रथम, द्वितीय व बूस्टर डोज लगाया। कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने निगम आयुक्त श्री प्रभाकर पाण्डेय व अधिकारियों की टीम के साथ वार्ड एवं बस्तियों में पहुंचकर वैक्सीनेशन कार्य का सघन निरीक्षण किया तथा वैक्सीनेशन कार्य में संलग्न अधिकारी कर्मचारियों का उत्साहवर्धन व मार्गदर्शन करते हुए वैक्सीनेशन के निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा के मार्गदर्शन में 22 अगस्त से 25 अगस्त तक नगर निगम कोरबा क्षेत्र के वार्ड एवं बस्तियों में 04 दिवसीय वैक्सीनेशन महाअभियान चलाया जा रहा है। आज इसकी शुरूआत निगम के सभी 67 वार्डो में एक साथ की गई, वैक्सीनेशन कार्य के लिए सभी 67 वार्डो हेतु 02-02 टीमें तैनात की गई है, जो डोर-टू-डोर पहुंचकर पात्रतानुसार लोगों को प्रथम, द्वितीय व बूस्टर डोज लगा रही हैं। महाअभियान के प्रथम दिवस आज कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने कोसाबाड़ी व पं.रविशंकर शुक्ल जोन के वार्ड क्र. 24 एम.पी.नगर, वार्ड क्र. 25 नेहरूनगर सुभाष ब्लाक, वार्ड क्र. 26 मुड़ापार, कोरबा जोन के वार्ड क्र. 07 सीतामणी मोतीसागरपारा, कोरबा पुराना शहर सहित अन्य वार्ड व बस्तियों में पहुंचकर वैक्सीनेशन कार्य का सघन निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री झा ने वैक्सीनेशन कार्य में संलग्न अधिकारी कर्मचारियों व टीम सदस्यों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें वैक्सीनेशन के निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर श्री झा ने वार्ड व बस्तियों में वैक्सीन लगवाने वाले लोगों से चर्चा की, उनका उत्साहवर्धन किया तथा वैक्सीन की सभी खुराके अनिवार्य रूप से लगवाएं जाने की अपील की।

पार्षदों, जनप्रतिनिधियों की रही सहभागिता – चलाए जा रहे वैक्सीनेशन महाअभियान के दौरान नगर निगम केारबा के सभापति, मेयर इन काउंसिल के सदस्यों, वार्ड पार्षदों, एल्डरमेन व जनप्रतिनिधियों ने अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई तथा वैक्सीनेशन कार्य में सहयोग दिया। वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने वार्डो का भ्रमण कर वैक्सीन की विभिन्न खुराकों से छूटे हुए लोगों का चिन्हांकन करते हुए उन्हें वैक्सीन की सभी खुराकें पात्रतानुसार लगवाने हेतु प्रोत्साहित किया। वैक्सीनेशन कार्य में नगर निगम कोरबा, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका, मितानिन सहित अन्य कर्मचारियों ने अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए वैक्सीनेशन कार्य को सम्पन्न कराया।

25 अगस्त तक निरंतर चलेगा अभियान – नगर निगम केारबा क्षेत्र में 22 अगस्त से प्रारंभ किए गए वैक्सीनेशन का यह महाअभियान निरंतर 25 अगस्त तक संचालित किया जाएगा, वैक्सीनेशन कार्य हेतु वार्डो में तैनात की गई टीमें डोर-टू-डोर भ्रमण करेंगी, नागरिकों से वैक्सीनेशन की जानकारी लेगी तथा वैक्सीन की विभिन्न खुराकों से छूटे हुए लोगों को पात्रतानुसार वैक्सीन की डोज लगाएंगी।
अनिवार्य रूप से लगवाएं वैक्सीन की सभी डोज – महापौर श्री राजकिशोर प्रसाद, कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा एवं निगम आयुक्त श्री प्रभाकर पाण्डेय ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए आवश्यक है कि वैक्सीन की सभी तीन खुराकें अनिवार्य रूप से लगवाई जाए। जिला प्रशासन द्वारा 04 दिवसीय वैक्सीनेशन महाअभियान चलाकर नि:शुल्क वैक्सीन लगाई जा रही है, अत: इसका लाभ उठाएं तथा पात्रतानुसार वैक्सीन की सभी खुराकें अवश्य लगवाएं।

Spread the word