मुख्य मार्गों पर मवेशियों का जमावड़ा, हादसे का खतरा

0 पार्षद ने अनुविभागीय अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
कोरबा।
कटघोरा नगर में मवेशियों के जमावड़े से लोगों को परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। नगर में कोई ऐसा रोड बाकी नहीं जहां आवारा मवेशी झुंड बनाकर बैठे नजर न आते हों। कई बार तो इन मवेशियों के कारण यातायात बाधित हो जाता है। साथ ही रास्ते पर बैठे मवेशी दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। स्कूलों के खुल जाने से नगर में आवागमन बढ़ने लगा है। ऐसे में बीच रोड पर बैठे मवेशियों से और ज्यादा परेशानियां हो रही हैं।
कटघोरा नगर पालिका के वार्ड नंबर 3 के पार्षद किशोर दिवाकर ने कटघोरा अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि कटघोरा के साबिर मेडिकल से कादरिया टायर दुकान तक मवेशियों का 100 मीटर की दूरी तक तथा कटघोरा नगर के सभी मुख्य मार्ग पर मवेशियों के झुंड नजर आते हैं। बावजूद इसके नपा का ध्यान नहीं जा रहा है। गाय, बैल के रोड में बैठने के कारण रोज सड़क दुर्घटना होती है। 2 दिन पूर्व मेन रोड पर दुर्गा मंदिर के सामने मवेशियों के बैठने से सड़क दुर्घटना से 2 लोगों की मौत हो चुकी है। आवागमन में लोगों को बहुत परेशानी हो रही है। दुर्घटना से रोजाना चार या पांच पशुओं की मृत्यु भी हो जाती है। ऐसा हाल पूरे कटघोरा मेन रोड क्षेत्र का है। हर जगह पशु बैठे रहते हैं तथा नगर पालिका कटघोरा में काऊ केचर रहते हुए भी इस ओर कोई सुध नहीं ले रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने अनेक बार मवेशियों को लेकर नपा में शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि पिछले दिनों स्थानीय समाज सेवी संगठन ने इन मवेशियों के सींगों पर रिफ्लेक्टर पट्टी लगाने का अभियान चलाया था। पार्षद किशोर दिवाकर ने अनुविभागीय अधिकारी कटघोरा से इस समस्या का निराकरण करते हुए पशुओं को मुख्य मार्ग से हटवाकर अन्य जगह भिजवाने की मांग की है, ताकि सड़क दुर्घटना न हो और सड़क पर बैठे मवेशियों की रोजाना मृत्यु न हो। उन्होंने इस समस्या पर तत्काल निराकरण की मांग की है। 

ranjan photo
Admin

Spread the word