July 15, 2024

वाहन में ही कराया गया प्रसव फिर सुरक्षित पहुंचाया अस्पताल

0 डायल 112 की तत्परता से बची जच्चा-बच्चा की जान
कोरबा।
डायल 112 के जवानों की तत्परता से एक बार फिर जच्चा और बच्चा की जान बच गई। उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाया गया। कल सुबह 7.01 बजे प्रसव पीड़ा से संबंधित इवेंट नंबर डायल 112 बांगो कोबरा 1 को मिला। तत्काल कोबरा 1 के जवान ने कॉलर से संपर्क कर कॉलर के बताए स्थान ग्राम सरमा (कर्राबहरा) के लिए रवाना हुए। मौका स्थल पहुंचकर फोन करने वाले से मिले, जहां एक महिला कमलेश कुंवर पति प्रताप सिंह (25) को अत्यधिक प्रसव पीड़ा हो रही थी। वहां मौजूद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राजेंद्र कुमारी ने बताया कि महिला की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है, जिसे तत्काल उपचार की आवश्यकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए 112 के कर्मचारी आरक्षक राम सिंह श्याम और चालक संजय कुमार लकड़ा ने उक्त प्रसव पीड़िता को घर की महिला परिजनों की मदद से डायल 112 वाहन में लेटाया और उपचार के लिए निकले। तभी कुछ ही दूर जाने के बाद डायल 112 वाहन में ही महिला को अत्यधिक प्रसव पीड़ा होने लगी। इसके चलते ईआरव्ही वाहन में ही प्रसव करने का निर्णय लिया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के कहने पर ईआरव्ही वाहन को किनारे में रोका गया। तत्पश्चात महिला ने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। प्रसव के बाद डायल 112 के टीम ने जच्चा-बच्चा दोनों को उचित उपचार हेतु स्वास्थ्य केंद्र जल्के में ले जाकर मेडिकल स्टाफ को अवगत कराया। उन्हें वहां उचित उपचार हेतु भर्ती कराया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और डायल 112 के जवानों की तत्परता से एक बार फिर प्रसूता को लाभ मिला है और जच्चा-बच्चा दोनों पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं। कई बार यह देखने को मिला है कि 112 के जवान अपनी ड्यूटी बखूबी निभाते हैं और लोगों की जान बचाने में तत्पर रहते हैं।

Spread the word