October 5, 2024

एमपी नगर के दशहरा मैदान में श्रीमद भागवत कथा ज्ञान सप्ताह, सामुहिक विवाह एवं उपनयन (जनेऊ) संस्कार का कार्यक्रम आयोजित

28 जनवरी से 4 फरवरी तक होगा आयोजन, बाल व्यास पंडित सुयश दुबे जी अपनी सुमधुर वाणी से सुनाएंगे कथा

0 कलश यात्रा के साथ कथा का हुआ शुभारंभ

कोरबा। सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति के संस्थापक शिव पुराण, श्रीराम कथा एवं श्रीमद भागवत कथा के मर्मज्ञ पंडित देवशरण दुबे जी के गुरुदेव भगवान परम पूजनीय श्री 108 गोमती गिरी जी के 12वें बैकुंठ उत्सव के पावन उपलक्ष्य पर सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति के तत्वाधान में परम कृपालु श्री कृष्ण जी की कृपामयी आशीर्वाद से संगीतमय श्रीमद भागवत कथा ज्ञान सप्ताह,सामुहिक विवाह एवं उपनयन (जनेऊ) संस्कार के कार्यक्रम का आयोजन दिनांक रविवार 28 जनवरी 2024 रविवार से रविवार 4 फरवरी 2024 रविवार तक एम.पी.नगर दशहरा मैदान मे आयोजित किया गया है।
उक्त कार्यक्रम के संबंध में रविवार को कोरबा प्रेस क्लब के तिलक भवन में प्रेस वार्ता आयोजित हुई। जिसमें सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति के संस्थापक पंडित देवशरण दुबे जी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम दिवस आज रविवार 28 जनवरी को मध्यान्ह 2 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। व्यासपीठ से सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति के संस्थापक शिव पुराण, श्रीराम कथा एवं श्रीमद भागवत कथा के मर्मज्ञ पंडित देवशरण दुबे जी के सुपुत्र बाल व्यास पंडित सुयश दुबे जी अपनी सुमधुर वाणी से सात दिन क्रमशः शुक कपिल चरित्र, वामन प्रहलाद चरित्र, राम कृष्ण जन्मोत्सव, बाल लीला, गोवर्धन लीला, रास लीला, रुक्मणी विवाह एवं सुदामा चरित्र का रसपान कराकर श्रीमद भागवत कथा के माध्यम से जीवन में श्रीमद भागवत के माध्यम से आनंद एवं परमानन्द की प्राप्ति का उपाय बतायेंगे। दिनाँक 4 फरवरी 2024 रविवार को सप्त दिवसीय श्रीमद भागवत कथा को गीता, हवन, सहस्त्र धारा एवं भोग भंडारे के साथ विश्राम दिया जायेगा।
प्रेस वार्ता के माध्यम से सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति के कोरबा जिला शाखा प्रभारी डॉ.नागेंद्र नारायण शर्मा एवं एमपी नगर महिला समिति ने अंचलवासियों से सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
प्रेस वार्ता के दौरान सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति के संस्थापक पंडित देवशरण दुबे जी व बाल व्यास पंडित सुयश दुबे जी, के साथ सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति के कोरबा जिला शाखा प्रभारी डॉ.नागेंद्र नारायण शर्मा, मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के अध्यक्ष विमल जोशी, वरिष्ठ सदस्य नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा, सर्व ब्राह्मण समाज के संरक्षक कैलाश शर्मा जी, सर्व ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष अरुण शर्मा, सदस्य अरविंद शर्मा, प्रांजल पांडे, श्रीमती निशा पांडे, श्रीमती बसंती वस्त्रकार एवं एमपी नगर महिला समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

31 जनवरी को होगा उपनयन संस्कार एवं सामूहिक विवाह समारोह

सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति के जिला कोरबा शाखा प्रभारी नागेन्द्रनारायण शर्मा ने बताया कि श्रीमद भागवत कथा ज्ञान सप्ताह के दौरान ही दिनाँक 31 जनवरी बुधवार को शुभ मुहूर्त मे उपनयन (जनेऊ) संस्कार एवं सामुहिक विवाह समारोह का कार्यक्रम सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति की ओर से निशुल्क कराया जायेगा। जिसमें मुख्य आचार्य के रूप मे सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति के संस्थापक पंडित देवशरण दुबे जी स्वयं उपस्थित होकर पूरे कार्यक्रम को पूर्ण वैदिक विधि से सम्पन्न कराएंगे।

नि:शुल्क व्यवस्था, अग्रिम पंजीयन अनिवार्य

उपनयन संस्कार के विषय मे बताते हुये सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति के संस्थापक पंडित देवशरण दुबे ने कहा की उपनयन संस्कार कराने वाले बटुकों को भिक्षा की सामाग्री, टोकरी, बरूवा रिसाने व शिक्षा प्राप्त करने जाने हेतु नवीन वस्त्र एवं एक जोड़ी खड़ाऊ उन्हें लानी होगी बाकी सारी व्यवस्था समिति द्वारा की जायेगी। वैसे ही सामुहिक विवाह हेतु वर वधु दोनों के परिवार की सहमति पत्र तथा दोनों परिवार की ओर से पांच पांच संबंधियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी बाकी सारी व्यवस्थायें समिति की ओर से निशुल्क की जायेगी। दोनों कार्यक्रम में भागीदारी के लिये पंजीयन अनिवार्य है।जिस हेतु जिला कार्यालय, प्रदेश कार्यालय, कथा स्थल एवं मोबाइल नंबर 9826111738 एवं 9826366222 पर संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं।

Spread the word