October 4, 2024

आजकल भूत, प्रेत, पिशाच, जोगिनी जमात की पूजा की चल पड़ी है परंपरा : प्रेमभूषण

0 इंदिरा स्टेडियम आदर्श नगर कुसमुंडा में श्री राम कथा
कोरबा।
इंदिरा स्टेडियम आदर्श नगर कुसमुंडा में समन्वयक समिति व एसईसीएल कुसमुंडा परिवार के तत्वावधान में 2 फरवरी से अयोजित श्री राम कथा के दूसरे दिन प्रेमभूषण महाराज ने व्यासपीठ से कथा वाचन करते हुए कहा कि सनातन धर्म में जन्म लिया है तो हमारे लिए यह भी जानना आवश्यक है कि हम किनका भजन करें। हर किसी का भजन भी नहीं करना चाहिये। आजकल भूत प्रेत पिशाच जोगिनी जमात की पूजा कर भी परंपरा चल पड़ी है जो बहुत ही घातक स्थिति है। अघोर पंथ की पूजा पद्धति में जाने वाले का एक अंग खराब होना सुनिश्चित होता है।
कथावाचक प्रेमभूषण महाराज ने कहा कि अगर आपको यह पता नहीं है कि हमें किनका भजन करना चाहिए तो सीधे ओम नम: शिवाय का भजन करें। शिव जी स्वयं आपको यह बता देंगे या वह रास्ता दिखा देंगे कि आपको किनका भजन करना चाहिए। अगर आप वैष्णव हैं तो राम जी कृष्ण जी का, शैव हैं तो शिवजी का और शाक्त हैं तो मां भगवती की उपासना करें। यह भी ध्यान रखना है कि देवताओं का पूजन केवल सांसारिक वस्तुओं की प्राप्ति के लिए करना होता है जबकि भगवान का भजन परमार्थ यात्रा को सुनिश्चित करने के लिए होता है। महाराज ने कहा कि आजकल लोग कहते हैं कि हमें गुरु बनाना है, गुरु बनाया नहीं जा सकता है। गुरु तत्व की उपस्थिति से गुरु होते हैं। कुछ तो गुरुजी का परीक्षण करने की बात करते हैं। संत, मंत्र, सद्ग्रंथों और गुरुजी का परीक्षण नहीं करना चाहिए। हम गुरु की शरण में जाते हैं। मंत्र दीक्षा उसी से लो जिसका मार्गदर्शन लेने आप आ जा सको। दीक्षा एक ऐसा संस्कार है जिससे मनुष्य जीवन में चैतन्यता आ जाती है। मनुष्य को अपने जीवन में अपने कर्म को हमेशा धर्म सम्मत रखने की आवश्यकता होती है। जब हमारा कर्म बिगड़ता है तो फिर लाख प्रयास करने के बाद भी हमारी मती गति काल के वश में चली जाती है।

प्रेमभूषण ने कहा कि मनुष्य के जीवन में सुख और दुख दोनों का आना निश्चित है। एक आता है तो एक चला जाता है। दुख हो या सुख दोनों ही अपने ही कर्मों के अनुसार ही मनुष्य के जीवन में आता है। उन्होंने श्री राम कथा गायन के क्रम में श्री राम के मानव शरीर धारण करने के कारणों और प्राकट्य से जुड़े प्रसंगों की चर्चा करते हुए कहा कि अपने जीवन काल में ही हमें अपने परमार्थ पथ का उत्तराधिकारी तैयार करने की आवश्यकता है, तभी तो पीढ़ियों तक परमार्थ चलता रहता है।
महाराज ने कहा कि राम जी की भक्ति प्राप्त करने के लिए हमें शिव जी की कृपा प्राप्त करनी पड़ती है। हमारे सद्ग्रंथों का एक सरल सिद्धांत यह भी है कि आदमी को सब कार्य छोड़कर भी भोजन करना चाहिए, हजार कार्य छोड़कर स्नान करना चाहिए और एक लाख कार्य छोड़कर भी दान करना चाहिए। चाहे वह दान थोड़ा ही हो, लेकिन यह सभी कुछ छोड़ कर के भगवान का भजन करना चाहिए। सती चरित्र, भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह से जुड़े प्रसंगों और भगवान श्री राम का प्राकट्य की कथा का श्रवण करने के लिय बड़ी संख्या में विशिष्ट जन उपस्थित रहे। आयोजन में महाराज ने कई सुमधुर भजनों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कथा के मुख्य यजमान और एसईसीएल के कुसमुंडा क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय मिश्रा ने आयोजन समिति के सदस्यों के साथ व्यासपीठ का पूजन और आरती की।

Spread the word