October 4, 2024

वर्ष 2018 से 2022 के बीच डीएमएफ से मंजूर ढाई करोड़ के कार्य निरस्त

0 अप्रारंभ दस कार्यों को तत्काल प्रभाव से किया गया रद्द
0 कलेक्टर सह अध्यक्ष प्रबंधकारिणी समिति जिला खनिज संस्थान न्यास ने जारी किए निरस्त के आदेश

कोरबा।
जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) से स्वीकृत कराए गए उन कार्यों को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है, जो अभी भी अप्रारंभ हैं। रद्द किए गए सभी कार्य नगर निगम क्षेत्र के लिए स्वीकृत किए गए थे। वर्ष 2018 से लेकर 2022 के बीच मंजूरी दी गई थी, पर उन्हें प्रारंभ ही नहीं किया जा सका। दर्री डैम के पास 60 लाख का छठ घाट, आत्मानंद स्कूल में 40 लाख के डायनिंग हॉल जैसे बड़े बजट के निर्माण से लेकर एक लाख तक बजट के कुल दस कार्य शामिल हैं, जिन्हें निरस्त करने का आदेश कलेक्टर सह अध्यक्ष प्रबंधकारिणी समिति जिला खनिज संस्थान न्यास कोरबा अजीत वसंत (आईएएस) ने जारी किया है।
नगर निगम क्षेत्र व खासकर शहर इलाकों में मंजूर होकर भी लंबे समय से प्रारंभ होने का इंतजार कर रहे दस कार्यों को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। इस संबंध में कार्यालय कोरबा जिला खनिज संस्थान न्यास कोरबा की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। अप्रारंभ कार्यों को निरस्त किए जाने के यह आदेश कलेक्टर सह अध्यक्ष प्रबंधकारिणी समिति जिला खनिज संस्थान न्यास कोरबा की ओर से जारी किया गया है। इनमें कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 33 रुपये के दस कार्य को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया गया है। रद्द किए गए कार्यों में 40 से 60 लाख तक के बड़े काम के अलावा रोड डिवाइडर, सड़क बत्ती, छठघाट निर्माण समेत विभिन्न छोटे व अप्रारंभ कार्य भी शामिल हैं। आदेश में बताया गया है कि छत्तीसगढ़ शासन खनिज साधन विभाग मंत्रालय महानदी भवन अटल नगर से 20 दिसंबर को जारी पत्र के अनुसार छत्तीसगढ़ खनिज न्यास संस्थान नियम 2015 व संशोधित अंतर्गत अप्रारंभ कार्यों को तत्काल प्रभाव से रोक लगाने व निरस्त किए जाने के लिए शासन से निर्देश प्राप्त हुए थे। रद्द किए गए कार्यों में नगर निगम कोरबा क्षेत्र अंतर्गत दर्री बरॉज से गोपालपुर तक यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने आवश्यक सामग्री की आपूर्ति व अन्य कार्यों के लिए 11 जुलाई 2018 को मिली स्वीकृति से लेकर वार्ड क्रमांक 16 कोहड़िया दर्री डैम के समीप छठघाट के लिए 6 अक्टूबर 2022 को मिली स्वीकृति पर 60 लाख के निर्माण समेत कुल पांच साल के दस कार्य शामिल हैं।
0 अब लौटानी पड़ेगी राशि
इसके साथ ही यह भी आदेशित किया गया है कि क्रियान्वयन एजेंसी निरस्त किए गए कार्यों की राशि जारी होने की स्थिति में जिला खनिज न्यास संस्थान न्यास कोरबा के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया आईटीआई रामपुर में संचालित खाते में तत्काल हस्तांतरित करें। आदेश में बताया गया है कि शासन से मिले निर्देश का पालन सुनिश्चित करने के साथ जिला खनिज संस्थान न्यास कोरबा शासी परिषद की बैठक में भी कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। इसी माह दो फरवरी की बैठक में लिए निर्णय के परिपालन में प्रशासकीय स्वीकृत जारी कार्यों को निरस्त करने के आदेश दिए गए हैं। उल्लेखनीय होगा कि इस बैठक के दौरान बताया गया था कि जिला खनिज न्यास संस्थान अंतर्गत अन्य जिलों को राशि अंतरण उपरांत कुल प्राप्त राशि 2274.53 करोड़ में से 2134.84 करोड़ व्यय होने तथा 139.70 करोड़ राशि शेष होने की जानकारी प्रदान की गई।
0 इन अप्रारंभ कार्यों को किया गया निरस्त
रद्द किए गए कार्यों में नगर निगम कोरबा क्षेत्र अंतर्गत 11 जुलाई 2018 को दर्री बरॉज से गोपालपुर तक यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने आवश्यक सामग्री के लिए एक लाख 28 हजार 399 रुपये की स्वीकृति, सुभाष चौक के पास यातायात चौकी व रवि डेयरी के पास डिवाइडर निर्माण के तहत चार लाख 34 हजार 664 रुपये, सीएसईबी चौक के पास यातायात चौकी का रेनोवेशन कार्य दो लाख एक हजार 459 रुपये, चौक-चौराहों में जेब्रा क्रॉसिंग पट्टी लगवाने सात लाख 93 हजार 911 रुपये, नगर निगम क्षेत्र में सुगम व सुरक्षित आवागमन व्यवस्था के लिए रोड डिवाइडर निर्माण के लिए 99 हजार 600 रुपये, राताखार पुल के लिए गेवराघाट से दर्री बरॉज तक सड़क बत्ती लगाने व स्थापना कार्य के लिए 12 नवंबर 2020 को मिली 88 लाख 44 हजार रुपये की स्वीकृति, वार्ड क्रमांक 14 पंप हाउस अंग्रेजी माध्यम स्कूल में डायनिंग हॉल के निर्माण कार्य के लिए 15 फरवरी 2021 को मिली 40 लाख 29 हजार रुपये की स्वीककृति, 6 दिसंबर 2022 को वार्ड क्रमांक 32 राजस्व कॉलोनी में उन्नयन कार्य करने 25 लाख रुपये, वार्ड क्रमांक 12 शारदा विहार में सियान सदन का निर्माण करने 6 दिसंबर 2022 को जारी कार्य के लिए दस लाख और वार्ड क्रमांक 16 कोहड़िया दर्री डैम के समीप छठघाट के निर्माण के लिए 6 अक्टूबर 2022 को मंजूर 60 लाख का कार्य शामिल है।

Spread the word