October 4, 2024

सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता में बच्चों ने दी आकर्षक प्रस्तुति, सर्वमंगला विद्यालय झाबर रहा प्रथम

0 अशासकीय विद्यालय प्रबंधक संघ के सांस्कृतिक कार्यक्रम को सभी ने सराहा
0 दीपका के निजी विद्यालयों को मिलेंगे वाटर कूलर, नपा अध्यक्ष संतोषी दीवान ने की घोषणा

कोरबा (गेवरा/दीपका)।
सामुदायिक भवन दीपका में 15 फरवरी गुरुवार को अशासकीय विद्यालय प्रबंधक संघ दीपका के तत्वावधान में सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। राज्य खाद आयोग के पूर्व अध्यक्ष ज्योतिनंद दुबे के मुख्य आतिथ्य में प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता नपा अध्यक्ष संतोषी दीवान ने की।
सबसे पहले मां सरस्वती के तेल चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों का स्वागत तिलक बैज लगाकर पुष्पगुच्छ से किया गया। कार्यक्रम में दीपका संकुल के 10 निजी स्कूलों के बच्चे सम्मिलित थे। नृत्य प्रतियोगिता का कार्यक्रम दो पाली में रखा गया था। प्रथम पाली में मिडिल व दूसरे में हायर सेकेंडरी स्कूल के बच्चे शामिल किए गए थे। सभी बच्चों ने मंच पर एक से बढ़कर एक आकर्षक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। निर्णायकों ने प्रथम, द्वितीय, तृतीय का निर्णय लिया जो सर्वमान्य रहा। निर्णायक मंडल में बजरंग लाल पटवा, रेणु तिवारी, मो. आलम और भारत बरेठ शामिल थे।

कार्यक्रम में विशेष रूप से कोरबा जिला से आए हुए अशासकीय प्रबंधक संघ के जिला अध्यक्ष अक्षय दुबे, सचिव, कोषाध्यक्ष, मीडिया प्रभारी, खेल प्रभारी, सांस्कृतिक, प्रभारी एवं कार्यकारणी सदस्य शामिल हुए। जिला अध्यक्ष ने कार्यक्रम की सराहना की। दीपका ब्लॉक अध्यक्ष धरम तिवारी को कटघोरा विकासखंड के अंतर्गत सभी स्कूलों का अध्यक्ष सर्व सम्मति से घोषित किया गया।
सभी निजी स्कूलों की नृत्य प्रतियोगिता देखने लायक रही। बच्चों ने एक से बढ़कर एक ज्ञानवर्धक प्रस्तुति दी। मिडिल खंड में प्रथम स्थान सर्वमंगला विद्यालय झाबर ने हासिल किया। दूसरा रामकृष्ण मिशन पब्लिक स्कूल एवं राधे विद्यापीठ झाबर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं हाई स्कूल की प्रस्तुति में भी पहला स्थान सर्वमंगला स्कूल झाबर को मिला। दूसरा स्थान कलचुरी पब्लिक स्कूल विश्राम नगर झाबर एवं तीसरा स्थान सामूहिक रूप से सेंट पीटर और ईस्ट प्वाइंट स्कूल को दिया गया। चयनित स्कूलों एवं बच्चों को मोमेंटो एवं प्रशंसा पत्र देकर के सम्मान किया गया। इस सफल कार्यक्रम के लिए संघ के अध्यक्ष धर्म तिवारी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, नगरवासियों एवं आगंतुकों दर्शकों का आभार व्यक्त करके धन्यवाद ज्ञापित किया।

सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ज्योति नंद दुबे ने अपने उद्बोधन में अशासकीय विद्यालय संघ के कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि पहली बार निजी विद्यालयों का संगठन बनकर तैयार हुआ है। निजी स्कूलों में गर्मी के दिनों में बच्चों के लिए शीतल पेयजल की समस्या बनी रहती है। उन्होंने नपा अध्यक्ष संतोषी दीवान से सभी निजी विद्यालयों को वाटर कूलर देने की मांग की, जिसे नगर पालिका अध्यक्ष संतोषी दीवान ने अपने उद्बोधन के दौरान एक-एक लाख रुपये का वाटर कूलर देने की घोषणा मंच से की। इसका उपस्थित सभी ने तालियां बजाकर स्वागत किया। इस आश्वासन के लिए जिला महिला प्रभारी रेणु तिवारी के द्वारा सभी अशासकीय स्कूलों के तरफ से धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि आज तक निजी शिक्षण संस्थानों को इतनी बड़ी राशि का इनाम कभी नहीं दिया गया।
कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज शर्मा, नेता प्रतिपक्ष अनूप यादव, पार्षद अरुनीश तिवारी, रोहित जायसवाल, सुशील तिवारी, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के महामंत्री दीपक जायसवाल, दीपका महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष ज्योति तिवारी, हाई स्कूल की व्याख्याता कौशिक समेत नगर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Spread the word