September 17, 2024

विश्व सद्भावना भवन टीपी नगर में महाशिवरात्रि पर्व का किया गया आयोजन

कोरबा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की स्थानीय सेवाकेंद्र विश्व सद्भावना भवन टीपी नगर में महाशिवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास व धूमधाम से मनाया गया। 88वां त्रिमूर्ति शिव जयंती के अवसर पर अतिथि महापौर राजकिशोर प्रसाद, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, सेवाकेंद्र प्रभारी बीके रुक्मणी, सहसंचालिका बीके बिंदु उपस्थित थीं।
अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर केक काटा। संस्था के प्रांगण में ध्वज भी फहराया गया। इस अवसर पर राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि परमात्मा के पालना में हम सब पल रहे हैं। इस परिवार से जुड़कर जो आत्म संतुष्टि व प्रसन्नता मिलती है, वह कहीं और नहीं मिल सकती। डॉ. राजीव सिंह ने कहा कि ईश्वरीय शक्ति हमेशा हम सबका ख्याल रखती है। संस्था के बारे में उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ा मेडिटेशन सेंटर है, जहां सभी धर्म के लोग यहां आते हैं। हर घर में शांति हो, खुशहाली हो इसके लिए सबसे पहले अपने मन में शांति चाहिए। किसी को भी कमजोर न समझें। अगर मन में शांति है तो वह बहुत कुछ कर सकता है। बीके रुक्मणी ने कहा कि उस परमपिता परमात्मा से मंत्रों के माध्यम से कार्य सिद्ध करने का एहसास कर रहे हैं। जब हम परमात्मा शिव को अपना पिता और स्वयं को उनका बच्चा स्वीकार करते है। तब हमें परमात्मा की गोद में होने का एहसास होने लगता है। हम मंत्रों तक सीमित न रहें। वो परमपिता परमात्मा शिव आया है, ज्ञान, प्रेम, सुख, शांति, आनदं से झोली भरने के लिए। बीके बिंदु ने शिवरात्रि का रहस्य बताया। कवियत्री अंजना सिंह ठाकुर ने बहुत सुंदर शिव श्लोक सुनाकर सबको भाव विभोर कर दिया। बीके सूरज ने भी अपनी मधुर गायिकी से समां बांधा। मंच संचालन शेखर राम ने किया। महाशिवरात्रि के अवसर पर संस्था के सदस्यों ने विशाल शोभा यात्रा का विशेष रूप से आयोजन किया। इस अवसर पर डॉ. केसी देबनाथ, कमल कर्माकर, लवलीन गांधी, रश्मि शर्मा तथा संस्था के सदस्य उपस्थित थे।

Spread the word