July 4, 2024

राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने देखी आईटी कॉलेज में मतगणना व्यवस्था

कोरबा। लोकसभा निर्वाचन अतंर्गत 4 जून को होने वाले मतगणना से पूर्व राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों और प्रतिनिधियों ने भी मतगणना हाल में जाकर मतगणना हेतु की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत वसंत के निर्देशन में अपर कलेक्टर दिनेश कुमार नाग, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सीमा पात्रे ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को मतगणना हेतु की जा रही तैयारियों के संबंध में बताया कि झगहरा स्थित आईटी कॉलेज भवन में मतों की गणना की जाएगी। उन्होंने यहां विस्तार से जानकारी दी। आईटी कॉलेज के बी-ब्लॉक के प्रथम तल में मतगणना हेतु विधानसभावार कक्ष तैयार किया गया है। कक्ष में कुल 14-14 टेबल लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त एक अलग कक्ष डाक मतपत्र एवं ईटीपीबीएस की मतगणना हेतु बनाए गए हैं। मतगणना परिसर में सुरक्षा हेतु आवश्यक व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
कुल 3 चरण में सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रथम चरण में जिला पुलिस बल तैनात रहेगा, यहां 100 मीटर के परिधि में किसी की भी वाहन के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। द्वितीय चरण में राज्य सशस्त्र सुरक्षा बल तैनात रहेंगे जिनके द्वारा प्रतिबंधित वस्तुओं की रोकथाम हेतु सघन जांच की जाएगी। तृतीय चरण में मतगणना कक्ष के बाहर केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात होंगे और उनके द्वारा भी सघन जांच की जाएगी। किसी भी परिस्थिति में अनाधिकृत व्यक्तियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। आईटी कॉलेज के मुख्य द्वार से केवल अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रत्याशियों के वाहन ही प्रवेश करेंगे। राजनीतिक दलों के अधिकृत अभिकर्ताओं के वाहन नकटीखार से होकर भालूसटका मार्ग में स्थित पार्किंग स्थल पर रखे जाएंगे। सभी मतगणना कक्ष में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। कैमरे से सतत् निगरानी की जाएगी। स्ट्रॉन्ग रूम से आने वाली ईवीएम मशीनों की निगरानी भी कैमरों से की जाएगी। राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को प्रवेश द्वार, पार्किंग व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी गई।

Spread the word