March 27, 2026

सवारी ढोते पकड़े गए मालवाहक चालकों का लाइसेंस होगा सस्पेंड

0 पहली बार 3 माह निलंबित होगा लाइसेंस, दोबारा में निरस्तीकरण
कोरबा।
खुले डाले में सवारियों को ढोकर दौड़ रहे मालवाहनों की लापरवाही लोगों के लिए कई बार जानलेवा साबित हो जाती है। मौजूदा स्थिति में कोरबा से लेकर कवर्धा तक, ऐसे अनेक हादसे सामने आए, जिनसे सबक लेकर अब शासन-प्रशासन एक्शन मोड पर है। यही वजह है जो बीते कुछ दिनों से ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। जिला परिवहन विभाग (डीटीओ) और खासकर यातायात पुलिस की टीम शहर व उपनगरीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले मार्गों पर लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। बीते कुछ दिनों में जहां बड़ी संख्या में ऐसे मालवाहक वाहनों को पकड़ा गया, जिनके चालक खुले डाले पर सवारी लेकर दौड़ रहे थे, उनके ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई भी की जा रही है।
इसी कड़ी में अब तक दो ऐसे मालवाहकों के चालकों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, जो खुली गाड़ी में सवारी लेकर परिचालन करते सड़क पर पकड़े गए हैं। इनमें मुड़ापार का रहने वाला चालक फगुनसाय धनुहार और अमृतलाल के लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई भी की जा रही है। यातायात पुलिस के सहयोग से जांच अभियान के साथ पिछले कुछ दिनों में जुर्माने की ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। जिला परिवहन विभाग के मिली जानकारी के अनुसार मालवाहक वाहन में सवारी ढोते पहली बार पकड़े गए चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस तीन माह के लिए निलंबित किए जा रहे हैं। साथ में उन्हें समझाइश दी जा रही है कि वे सड़क एवं यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन का परिचालन करें। थोड़े से फायदे के लिए खुले डाले में सवारी बैठाकर उनकी जिंदगी के साथ खिलवाड़ न करें। सवारी ढो रहे खुले डाले के मालवाहकों के चालकों पर न केवल कार्रवाई की जा रही, खतरे से अवगत कराते हुए उन्हें समझाइश भी दी जा रही है। इसके अलावा यह चेतावनी भी दी जा रही है कि अगर दोबारा इस तरह मालवाहक में सवारी ढोते पकड़े गए, तो उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

ranjan photo
Admin

Spread the word