नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 25वीं बैठक सम्पन्न

कोरबा । नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति कोरबा की 25वीं बैठक एनटीपीसी के प्रशासनिक भवन में आयोजित की गई। इस बैठक में राजभाषा वार्षिक कार्यक्रम, रिपोर्ट का प्रेषण, प्रयोग, प्रचार-प्रसार और कार्यान्वयन के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

राजभाषा हिन्दी का महत्व को समिति अध्यक्ष राजीव खन्ना ने हिन्दी के प्रति जिम्मेदारी निभाने और इसे आगे बढ़ाने पर जोर दिया। न्यू इंडिया इन्शुरेंस और भारतीय डाकघर के राजभाषा प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक आरंभ होने से पूर्व एनटीपीसी के मानव संसाधन प्रमुख शशि शेखर ने समिति अध्यक्ष सहित भारत सरकार के विभिन्न कार्यालयों से पधारे प्रमुखों और हिन्दी अधिकारियों, प्रभारियों का स्वागत करते हुए राजभाषा हिन्दी की गतिविधियों से अवगत करवाया। समिति अध्यक्ष राजीव खन्ना कार्यकारी निदेशक एनटीपीसी ने सभी प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए अपने सम्बोधन में कहा कि यह बड़े ही हर्ष का विषय है कि नराकास कोरबा की 25वीं बैठक हो रही है। नराकास के माध्यम से हमें आपसी विचार-विमर्श करने के साथ ही एक-दूसरे से मिलने और समझने का मौका मिलता है ।

हमें आज की बैठक में हुई चर्चाओं पर ध्यान देते हुए राजभाषा संबंधी नियमों, नीतियों तथा प्रावधानों को गंभीरता से लेते हुए हिन्दी कार्यान्वयन और प्रचार-प्रसार को गति प्रदान करना है। श्री खन्ना ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी के सहयोग से हम राजभाषा हिन्दी को एक नई दिशा देने में सफल होंगे।

इस बैठक में विभिन्न सदस्य कार्यालयों के प्रमुख और पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक की कार्यवाही का संचालन नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सदस्य-सचिव पवन कुमार मिश्र प्रबन्धक राजभाषा ने किया ।
