मातनहेलिया परिवार द्वारा निकाली गई भव्य शोभायात्रा

० व्यास पीठ स्थापित, श्रीमद्भागवत कथा प्रारंभ
कोरबा। पितृमोक्षार्थ गया श्राद्ध निमित्त मातनहेलिया परिवार द्वारा जश्न रिसोर्ट, कोरबा में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ रविवार दोपहर 3 बजे से प्रारंभ हो गया है। इसके पूर्व रविवार सुबह मिशन रोड स्थित श्याम मंदिर से जश्न रिसोर्ट तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

व्यासपीठ पर प्रतिष्ठित कथा वाचक एवं जीवन प्रबंधन गुरु पं. विजय शंकर मेहता (उज्जैन, म.प्र.) की अगुवाई में श्याम बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना सम्पन्न हुई। इसके उपरांत ढोल-ताशों और पुष्पवर्षा के बीच उन्हें रथ पर विराजमान कराया गया। शोभायात्रा श्याम मंदिर से दर्री रोड होते हुए जश्न रिसोर्ट पहुंची, जहां भागवत गीता की पूजा के साथ व्यासपीठ स्थापित की गई।

शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं कलश यात्रा में शामिल हुईं। वहीं, मातनहेलिया परिवार के मुखिया राजबीर प्रसाद अग्रवाल ने सपत्नीक व्यासपीठ को सिर पर रखकर कथा स्थल तक पहुंचाया। इस अवसर पर अग्र समाज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

24 से 30 अगस्त तक होगी कथा
24 से 30 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से पं. विजय शंकर मेहता कथा का वाचन करेंगे। प्रथम दिवस पर श्रीमद्भागवत महात्म्य, आत्मदेय प्रसंग एवं महाभारत प्रसंग का श्रवण कराया जाएगा।

कोरबावासियों को आमंत्रण
कथा आयोजन में पुण्य लाभ प्राप्त करने एवं जीवन प्रबंधन के सूत्र सीखने के लिए कोरबावासियों को सादर आमंत्रित किया गया है। 31 अगस्त को हवन-पूजन के साथ कथा का समापन होगा। वहीं 25 सितंबर को जश्न रिसोर्ट परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।