हनुमान जयंती पर भक्ति की धूम, सुंदरकांड पाठ व भंडारे का आयोजन

छुरीकला। नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हनुमान जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। श्रीराम जानकी सेवइन मंदिर, ऐतिहासिक श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर बाजार पारा और अन्य मंदिरों में सुबह से ही पूजा-अर्चना, हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ।
पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हनुमान जी की पूजा और आरती की गई, वहीं कीर्तन मंडलियों ने भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना दिया। दोपहर में महाआरती के बाद भोग-भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें खिचड़ी, खीर-पूड़ी व चना प्रसाद वितरित किया गया। हवेली चौक में कुंवर राजवर्धन प्रताप सिंह के नेतृत्व में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे नगर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।