खिलाड़ियों के हित में मैगजीन मैदान सुरक्षित रखने की मांग, एसईसीएल को सौंपा ज्ञापन

बांकीमोंगरा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बांकीमोंगरा के अध्यक्ष संजय कुमार आजाद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसईसीएल प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर मैगजीन मैदान को स्थायी खेल मैदान के रूप में सुरक्षित रखने तथा शांतिनगर खदान आवास एवं दो मंजिला आवासीय क्षेत्र में नियमित नाली और कचरा सफाई कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि मैगजीन मैदान वर्षों से क्षेत्र के युवाओं के लिए खेल और शारीरिक प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र रहा है, जहां अभ्यास कर अनेक युवाओं ने सेना, पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों में सफलता हासिल की है। प्रतिनिधिमंडल ने मैदान में पौधारोपण के लिए अन्य स्थान चयनित करने और मैदान की मूल पहचान बनाए रखने की मांग की। साथ ही शांतिनगर एवं दो मंजिला आवासीय क्षेत्र में लंबे समय से सफाई व्यवस्था प्रभावित होने का मुद्दा उठाते हुए नियमित नाली सफाई और कचरा निष्पादन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई। संजय कुमार आजाद ने कहा कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा और क्षेत्रवासियों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।