March 25, 2026

अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा पर शुरू हुआ भारत-थाईलैंड नौसेनाओं का गश्ती अभियान

नई दिल्ली 14 नवम्बर। भारतीय नौसेना और रॉयल थाई नौसेना के बीच भारत-थाईलैंड समन्वित गश्ती (इंडो-थाई कॉर्पैट) का 32वां संस्करण बीते शुक्रवार 12 नवंबर से अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) पर शुरू हो गया है, जो आगामी 14 नवम्बर तक चलेगा। यह अभियान भारत और थाईलैंड के बीच दोस्ती का मजबूत बंधन बनाने के लिए भारतीय नौसेना के प्रयासों में योगदान देगा। जानकारी के लिए बता दें कि दोनों देशों के बीच समुद्री संबंधों को मजबूत करने की दिशा में और हिंद महासागर के इस महत्वपूर्ण हिस्से को अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए सुरक्षित रखने के उद्देश्य से दोनों नौसेनाएं 2005 से अपनी अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) के साथ द्वि-वार्षिक कॉर्पेट कर रही हैं।

इस कॉर्पैट में भाग ले रहा भारतीय नौसेना का जहाज आईएनएस कर्मुक स्वदेश निर्मित मिसाइल कार्वेट है, जबकि थाइलैंड का जहाज एचटीएमएस टायनचोन खामरोसिन क्लास का एंटी-सबमरीन पेट्रोल क्राफ्ट है।

आपसी तालमेल बढ़ाने में सहायक है यह अभियान

इस समन्वित गश्ती अभियान से दोनों नौसेनाओं को अनियमित ढंग से मछली पकड़ने, मादक पदार्थों की तस्करी, समुद्री आतंकवाद और समुद्री डकैती जैसी गैरकानूनी गतिविधियां रोकने में मदद मिलती है। यह अभियान दोनों देशों के बीच तस्करी, अवैध अप्रवास की रोकथाम, समुद्र में खोज और बचाव (एसएआर) संचालन के लिए सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए तालमेल बढ़ाने में मदद करता है।

जानकारी के लिए बता दें कि पीएम मोदी के विजन ‘सागर’ (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास) के तहत भारतीय नौसेना क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा को बढ़ाने की दिशा में हिन्द महासागर क्षेत्र के देशों के साथ सक्रिय रूप से जुड़ रही है। यह प्रयास द्विपक्षीय और बहुपक्षीय अभ्यासों, समन्वित गश्ती, संयुक्त ईईजेड निगरानी और मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) कार्यों के माध्यम से किया गया है। भारतीय नौसेना और रॉयल थाई नौसेना के सम्बन्ध आपसी गतिविधियों और बातचीत के माध्यम से पिछले कुछ वर्षों में मजबूत हुए हैं।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word