February 26, 2026

डीएमएफ की राशि का बंदरबाट कर बांटे गए कंबल, मामले की हो जांच : बद्री

कोरबा। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बद्री अग्रवाल ने गुरुवार को कलेक्टर से मुलाकात कर जिला खनिज न्यास मद से जनपद पंचायत कटघोरा, पाली एवं पोड़ी उपरोड़ा में बांटे गए कंबलों की राशि में बंदरबांट की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। इसकी प्रतिलिपि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष रवि भगत, नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल को भी सौंपी गई है।
युवा नेता बद्री ने कहा कि जिला खनिज न्यास मद से सत्र 2020-21 एवं 2021-22 में जनपद पंचायत कटघोरा, जनपद पंचायत पाली, जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में कंबलों का वितरण किया गया है। जो कंबल वितरित किये गए हैं वे दोयम दर्जे का है। साथ ही साथ कंबल वितरण के मामले में पांच उंगली घी की कहावत चरितार्थ हो रही है। कांग्रेसी नेताओं के द्वारा कंबल वितरण की राशि को बंदरबांट किया गया है, जिसमें जनपद पंचायत के सीईओ, अधिकारियों की भी मिलीभगत है। यूं तो डीएमएफ मद की बेवजह खर्चों की शिकायत प्रतिदिन आती है, परंतु गरीबों के हक पर डाका डाल कर अपने घर भरने के लिए यह कार्य किया गया है जो कि अत्यंत निंदनीय है। उक्त मामले के निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के ऊपर तत्काल कार्रवाई करते हुए बंदरबांट की गई राशि की रिकवरी की जाए, साथ ही साथ शासन के पैसे का दुरुपयोग करने का अपराध पंजीबद्ध करते हुए अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई की जाए।

ranjan photo
Admin

Spread the word