October 6, 2024

हाथियों के विचरण को लेकर गांवों में अलर्ट जारी

0 ग्रामीणों में दहशत, पहुंचा रहे आर्थिक चपत
कोरबा। जिले के जंगलों में हाथी के विचरण ने लोगों में दहशत बढ़ा दिया है। हाथियों के विचरण को देखते हुए वन विभाग अलर्ट मोड पर है। ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने मुनादी कराई जा रही है। हाथियों के लगातार उत्पात मचाने से ग्रामीणों को आर्थिक चपत लग रही है।
वनमंडल कोरबा के पसरखेत रेंज में 15 दिन से अधिक समय तक रुकने के बाद 41 हाथियों का झुंड अब वापस धरमजयगढ़ वनमंडल की ओर लौटने लगा है। बुधवार को हाथी कुदमुरा रेंज के जिल्गा के पास सरनीडेरा दादरपारा के पास जंगल में घूम रहे थे। वन विभाग ने आसपास के 7 गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। साथ ही ऑटोमेटिक सायरन भी गांवों में अब बजने लगे हैं। हाथियों के झुंड में बच्चे होने के कारण एक ही स्थान पर अधिक समय गुजार रहे हैं। अलग-अलग झुंड में घूम रहे हाथी अब एक हो गए हैं। हाथियों ने ग्राम कोल्गा के नाला किनारे लगाए गए धान की फसल को नुकसान पहुंचाया है। हाथियों का एक और झुंड पहले से ही कुदमुरा रेंज में घूम रहा था। हाथियों ने इस बार फसल के अलावा मकानों को नुकसान नहीं पहुंचाया है। इससे वन विभाग ने राहत की सांस ली है। मांड नदी गांव के आगे है। इसकी सीमा धरमजयगढ़ वनमंडल से लगा हुआ है। उधर कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज में घूम रहा 13 हाथियों का झुंड लालपुर के जंगल में है। यहां से हाथी कोरिया की ओर आवाजाही करते हैं, लेकिन लंबे समय से केंदई में ही घूम रहे हैं।

Spread the word