March 27, 2026

ट्रैक्टर में दबकर ग्रामीण की मौत मामले में जांच की मांग

0 पूर्व सरपंच ने लगाया मामले में लीपापोती का आरोप
कोरबा।
रोजगार गारंटी योजना के तहत तालाब गहरीकरण कार्य में मजदूरी कर रहे ग्रामीण की ट्रैक्टर में दबकर मौत हो गई। ग्रामीणों की मानें तो मनरेगा के कार्य में नियम विरुद्ध ट्रैक्टर लगाकर उपयोग लिया जा रहा था। सरपंच-सचिव की इसमें मिलीभगत है। पाली पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
जनपद पंचायत पाली अंतर्गत ग्राम पंचायत डोंगानाला में रोजगार गारंटी योजना के तहत तालाब गहरीकरण का कार्य चल रहा है, जिसमें गांव के श्रमिक ग्रामीण कार्य कर रहे हैं। इसी कार्य में रेवाराम यादव (50) भी लगा था। तालाब में गोदी खोदकर गहरीकरण से निकली मिट्टी को तट बंध में फेंका जा रहा था, जिसमें रेवाराम का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह मिट्टी ढुलाई कर रहे एक ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। इससे उपस्थित ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मौके पर पंचायत प्रतिनिधि और पंचायत सचिव, रोजगार सहायक भी पहुंचे। जब तक ट्रैक्टर को हटाया जाता ग्रामीण की दबकर मौत हो गई थी। इसकी सूचना पाली थाने में दी गई। मौका मुआयना, पंचनामा आदि वैधानिक कार्रवाई, पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मामले में ग्राम की पूर्व सरपंच पत्रिका खुरसेंगा ने इस मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले में लीपापोती का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मनरेगा कार्य में मानव श्रम से कार्य कराया जाता है, जिससे ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध हो सके। ऐसे में ट्रैक्टर से मिट्टी ढुलाई कराया जा रहा था जो कि गलत है, इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस का कहना है कि मामले में मौके पर मिले साक्ष्य और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

ranjan photo
Admin

Spread the word