February 4, 2026

आवारा कुत्तों के झुंड ने गाय-बछड़े पर किया हमला


0 मस्जिद में मौजूद लोगों की सूझबूझ से बची बछड़े की जान, गंभीर हालत में पशु चिकित्सालय भेजा गया
कोरबा। शहर के एसईसीएल हेलीपेट मेन रोड स्थित मस्जिद के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आवारा कुत्तों के एक झुंड ने सड़क पर जा रही गाय और उसके बछड़े पर हमला कर दिया। कुत्तों के हमले में गाय किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकली, लेकिन बछड़ा कुत्तों के झुंड के बीच फंस गया।
घटना के समय मस्जिद में मौजूद मुस्लिम भाइयों ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया और कुत्तों को भगाकर बछड़े की जान बचाई। हालांकि तब तक कुत्तों ने बछड़े के कान और पूंछ को बुरी तरह नोच लिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों ने गौ सेवा संस्था को अवगत कराया। मौके पर पहुंचे गौ सेवकों ने बछड़े को प्राथमिक उपचार दिया, उसे पानी पिलाया और कुछ आहार दिया। इसके बाद पशु चिकित्सक को सूचना दी गई। पशु चिकित्सक के पहुंचने पर बछड़े को आवश्यक इंजेक्शन लगाए गए और कुत्तों द्वारा काटे गए घावों को डिटॉल और पानी से साफ किया गया। बाद में गौ सेवा संस्था के सदस्य बछड़े को आगे के इलाज के लिए पशु चिकित्सालय लेकर पहुंचे। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ये कुत्ते मवेशियों के साथ-साथ राहगीरों पर भी कई बार हमला कर चुके हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों का आरोप है कि शाम और रात के समय स्थिति और भी ज्यादा गंभीर हो जाती है। उल्लेखनीय है कि कुछ समय पूर्व इसी इलाके में एक आवारा कुत्ते के काटने से एक सांड को रेबीज हो गया था। बाद में वह सांड पागल हो गया और उसने लगभग आधा दर्जन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। उस समय गौ सेवा समिति ने कड़ी मशक्कत के बाद सांड को पकड़कर लोगों को राहत दिलाई थी। स्थानीय निवासियों ने नगर निगम और संबंधित विभागों से आवारा कुत्तों की समस्या पर तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

ranjan photo
Admin

Spread the word