February 4, 2026

गुरु घासीदास जयंती पर बांकीमोंगरा में आस्था और संस्कृति का भव्य संगम, झांकियों के साथ निकली विशाल शोभायात्रा


बांकीमोंगरा। सतनाम पंथ के प्रवर्तक, समाज सुधारक और मानवता के संदेशवाहक संत शिरोमणि गुरु घासीदास जी की जयंती के पावन अवसर पर बांकीमोंगरा क्षेत्र में समाज के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरा क्षेत्र गुरु घासीदास जी के जयघोष और सतनाम के उद्घोष से गूंज उठा।


भव्य सजी-धजी झांकियों, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ निकाली गई शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष, युवक-युवतियाँ एवं बच्चे शामिल हुए। शोभायात्रा का शुभारंभ घुड़देवा जय स्तंभ से हुआ, जो चटाईनार, कटाईनार, गजरा, मुख्य चौक होते हुए मोंगरा स्थित जय स्तंभ तक पहुंची।


इस गरिमामय आयोजन में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने गुरु घासीदास जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया तथा समाज को जयंती की शुभकामनाएँ दीं। विधायक श्री पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि “गुरु घासीदास जी का सतनाम और मानवता का संदेश आज भी समाज को सही दिशा दिखा रहा है। उनके विचार समरसता, समानता और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं।”


शोभायात्रा के दौरान समाज के लोग नाचते-गाते, भजन-कीर्तन करते हुए अत्यंत उत्साह और उल्लास के साथ सभा स्थल तक पहुँचे। झांकियों के माध्यम से गुरु घासीदास जी के जीवन, उनके उपदेशों और सामाजिक संदेशों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसे देखने के लिए मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।


पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा शोभायात्रा का स्वागत किया गया। आयोजन को सफल बनाने में समाज के पदाधिकारियों, युवाओं और महिलाओं की सराहनीय भूमिका रही।

ranjan photo
Admin

Spread the word