March 23, 2026

बिहार में हार: कांग्रेस में रार, कपिल सिब्बल ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व पर उठाया सवाल

नई दिल्ली 16 नवम्बर। बिहार विधान सभा चुनाव में खराब प्रदर्शन को लेकर एक बार फिर से कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठने लगे है. सवाल उठाने वाले कोई और नहीं बल्कि पार्टी के ही नेता हैं. तारिक अनवर के बाद अब वरिष्ठ कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने इशारों-इशारों में राहुल और सोनिया गांधी पर निशाना साधा है. उन्होंने यहां तक कह दिया है कि जनता कांग्रेस को प्रभावी विकल्प के रूप में नहीं देखती.

इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में सिब्बल ने कहा, ‘बिहार ही नहीं, विभिन्न राज्यों के उपचुनावों के नतीजों से ऐसा लग रहा है कि लोग कांग्रेस को प्रभावी विकल्प नहीं मान रहे हैं. बिहार में विकल्प तो आरजेडी ही है. गुजरात उपचुनाव में हमें एक भी सीट नहीं मिली. लोकसभा चुनाव में भी यही हाल रहा था. उत्तर प्रदेश के उपचुनाव में कुछ सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों को 2 फीसदी से भी कम वोट मिले, जो निश्चित तौर पर चिंता का विषय है’.

इससे पहले बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तारीक अनवर ने भी कहा कि बिहार चुनाव परिणाम पर पार्टी के अंदर मंथन होना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा था कि सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप देने में देरी का खामियाजा महागठबंधन को उठाना पड़ा. कांग्रेस को इससे सीखना चाहिए और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए गठबंधन की औपचारिकताओं को अच्छी तरह से पूरा करना चाहिए.

तारीक अनवर से जुड़े एक सवाल के जवाब में कपिल सिब्बल ने कहा, ‘यदि छह सालों में कांग्रेस ने आत्ममंथन नहीं किया तो अब क्या उम्मीद है? हमें कांग्रेस की कमजोरियां पता हैं, हमें पता है सांगठनिक तौर पर क्या समस्या है. मुझे लगता है कि इसका समाधान भी सबको पता है. कांग्रेस पार्टी भी यह अच्छी से जानती है, लेकिन वे इन उपायों को अपनाना नहीं चाहते. यदि वे ऐसा ही करते रहेंगे तो प्रदर्शन का ग्राफ यूं ही गिरता रहेगा’.

1210
Ranjan Prasad

Spread the word