July 15, 2024

छत्तीसगढ़: निगम-मंडल और आयोग के अध्यक्षों की अब शीघ्र हो जाएगी घोषणा

रायपुर 29 नवम्बर। कांग्रेस समन्वय समिति की बैठक में निगम-मंडल और आयोग के बचे अध्यक्षों और सदस्यों को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित बैठक में सत्ता और संगठन के बीच तालमेल पर भी चर्चा हुई। निर्णय लिया गया की सरकार की नीतियों को लेकर संगठन के पदाधिकारी गांव-गांव तक जाएंगे। प्रदेश में एक दिसंबर से धान खरीदी हो रही है। इसे लेकर कांग्रेस संगठन की टीम तैयार होगी। इसके साथ ही बचे निगम-मंडल के अध्यक्ष और सदस्यों के नाम पर चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने अब तक मिले दावेदारों की सूची पेश की। समिति के सदस्यों ने एक-एक नाम पर विचार किया और सूची को अंतिम रूप दे दिया है। हाईकमान के निर्देश के बाद नियुक्ति की घोषणा दिसंबर के पहले सप्ताह तक होने की संभावना है।

समन्वय समिति की बैठक की शुरुआत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सम्मान से हुई। मरवाही विधानसभा उपचुनाव में मिली जीत को संगठन ने मुख्यमंत्री की योजनाओं के बेहतर परिणाम के रूप में देखा। मरकाम ने कहा कि मरवाही में हम सभी सरकार की योजनाओं की जानकारी लेकर गए थे। मरवाही के विकास को लेकर मतदाताओं ने वोट दिया। चुनाव प्रभारी जयसिंह अग्रवाल के चुनावी मैनेजमेंट की भी समिति के सदस्यों ने तरीफ की। इससे पहले रायपुर पहुंचने के बाद स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा में प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा कि समन्वय समिति की बैठक में मरवाही विधानसभा उपचुनाव में बड़ी जीत को लेकर चर्चा होगी। इसके साथ ही निगम, मंडल, आयोग में नियुक्ति पर चर्चा होगी। सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल पर बातचीत होगी। कुछ अन्य विषयों पर भी चर्चा हो सकती है। सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने पर भी बातचीत होगी।

Spread the word