September 19, 2024

सरगुजा पुलिस ने 5 डकैतों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

अम्बिकापुर 7 दिसम्बर। सरगुजा पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस की विशेष टीम ने पांच डकैतों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने लुंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डकई में एक व्यापारी घर से कट्टे की नोक पर डाका डाल कर 5 लाख रुपये नगद सहित सोने चांदी के जेवरात लूट कर ले गए थे। वही बताया जा रहा है कि सभी आरोपी आदतन अपराधी है और कई बड़ी वारदात को अंजाम दे चुके हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम डकई के दरकोनापारा में 29 नवंबर की रात डकैती की वारदात सामने आई थी। जहां बाइक सवार पांच डकैतों ने पेट्रोल भरवाने के बहाने व्यापारी अर्जुन गुप्ता का घर खुलवाया। इसके बाद कट्टे की नोक पर 5 लाख रुपए नगद सहित सोने चांदी के जेवरात लूट कर अपने साथ ले गए। इस दौरान घर पर अर्जुन गुप्ता के दो बेटे और बेटी मौजूद थी। वही शिकायतकर्ता अपनी पत्नी के साथ ग्राम बरगीडीह स्थिति शादी समारोह में गया हुआ था।
इधर जिले में हुई डकैती की वारदात सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया था। पीड़ित परिवार की शिकायत पर लुंड्रा थाने में 5 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ डकैती का अपराध दर्ज किया गया था। वहीं जिले में हुई डकैती की वारदात को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया था। गठित विशेष टीम के द्वारा आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम खाराकोना निवासी रवि घसिया वारदात में इस्तेमाल की गई लाल रंग की बाइक से घूमता है। जबकि घटना के बाद से संदिग्ध युवक घर से फरार है।

इस बात की जानकारी लगते ही अंबिकापुर साइबर सेल की टीम एक्टिव हो गई। इसके बाद आरोपी युवक का मोबाइल नंबर ट्रेस किया गया। तब पुलिस को पता चला कि आरोपी उसी बाइक से अंबिकापुर शहर में घूम रहा है। इसके बाद पुलिस की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से आरोपी को पकड़ने पहुंची। पुलिस को अपनी ओर आता देख आरोपी ने एक पुलिसकर्मी पर बाइक चढ़ाकर मौके से भागने का प्रयास करने लगा। लेकिन पुलिस की टीम ने उसे धर दबोचा। जब पुलिस ने रवि घसिया से पूछताछ किया तो उसने बताया कि इस घटना के मास्टरमाइंड रवि पटेल और लाल प्यारे यादव नाम के युवकों द्वारा साजिश रची गई थी। इसके बाद मोंटी खान व मुकेश पटेल नाम के युवक के साथ मिलकर पांचों आरोपियों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया।

वहीं पुलिस की टीम ने रवि घसिया की जानकारी पर वारदात में शामिल चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार की। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुछ नगद रकम सहित वारदात में इस्तेमाल किए गए बाइक और हथियार को भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक पांचों आरोपी आदतन अपराधी है। पांचों के खिलाफ जिले के अन्य थानों में कई अपराध दर्ज है। वही आरोपी जेल भी जा चुके हैं।

Spread the word