September 19, 2024

कोरबा जिले में धान का उठाव शुरू, 74 मिलर्स ने किया अनुबंध

➡️अब तक तीन लाख 19 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी
➡️ एक लाख 34 हजार क्विंटल धान का उठाव भी हुआ

कोरबा 21 दिसंबर 2020. समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी के बाद कस्टम मिलिंग के लिए मिलर्स द्वारा कोरबा जिले में धान का उठाव शुरू हो गया है। जिले में मिलिंग के लिए 74 मिलर्स ने अब तक अनुबंध संपादित कर लिया है। अनुबंधित मिलरों में से 70 ने एक लाख 34 हजार क्विंटल से अधिक धान का उठाव भी कर लिया है। जिले में भी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी एक दिसंबर से शुरू किया गया है। कोरबा जिले में अभी तक तीन लाख 19 हजार 174 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा चुकी है। जिले में अब तक दो लाख 61 हजार 679 क्विंटल मोटा, सात हजार 826 क्विंटल पतला और 49 हजार 669 क्विंटल सरना धान खरीदा जा चुका है। खरीफ वर्ष 2020-21 के लिए धान खरीदी एक दिसंबर 2020 से 31 जनवरी 2021 तक जारी रहेगा।
जिला खाद्य अधिकारी ने धान खरीदी के संबंध में आज यहां बताया कि समर्थन मूल्य पर खरीदे गये धान की कस्टम मिलिंग के लिए कोरबा-करतला क्षेत्र के 34 और कटघोरा, पाली, पोड़ी क्षेत्र के 40 मिलर्स ने खाद्य विभाग के साथ अनुबंध संपादित किया है। अब तक खरीदे गये धान में से 70 मिलर्स ने एक लाख 34 हजार 456 क्विंटल धान का उठाव किया है। मिलर्स ने एक लाख 22 हजार 186 क्ंिवटल मोटा, दो हजार 290 क्विंटल पतला और नौ हजार 980 क्विंटल सरना धान मिलिंग के लिए उठा लिया है। जिले के उपार्जन केन्द्रों में अभी एक लाख 84 हजार 718 क्विंटल धान उठाव के लिए बचा है। खाद्य अधिकारी ने बताया कि खरीफ सीजन 2020-21 में जिले के 32 हजार 589 किसानों से 41 समितियों के माध्यम से धान खरीदी की जा रही है। जिले के किसानों के लिए धान बेचने के लिए 49 उपार्जन केन्द्र बनाये गये हैं। समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी के लिये जिले में नये-पुराने मिलाकर 32 हजार 589 किसानों का पंजीयन किया गया है। इन पंजीकृत किसानों का धान के फसल का रकबा 48 हजार 113 हेक्टेयर है। जिले में इस वर्ष समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिये पांच हजार 746 नये किसानों ने सहकारी समितियों में अपना पंजीयन कराया है। पिछले साल के किसानों में से रकबा सत्यापन के बाद 851 किसानों का पंजीयन निरस्त हुआ है।

Spread the word