March 24, 2026

विधायक ननकीराम कंवर ने खत्म की भूख हड़ताल, निष्पक्ष न्याय की जागी उम्मीद

कोरबा 4 फरवरी। तीन दिनों तक भूख हड़ताल करने के बाद रामपुर विधायक ननकीराम कंवर की भूख हड़ताल समाप्त हो गई है।एसडीएम सुनील नायक ने जूस पिलाकर विधायक का अनशन समाप्त कराया।

बुधवारी बाजार बाईपास मार्ग पर मौजूद एक दुकान को हटाए जाने को लेकर विधायक भूख हड़ताल पर बैठे हुए थे। ननकी राम कंवर इस मामले में कोरबा तहसीलदार के निलंबन की मांग कर रहे थे। हालांकि प्रशासन की तरफ से दुकान ना तोड़े जाने के आश्वासन पर विधायक ने अपना अनशन समाप्त किया है। साथ में उन्होंने स्पष्ट किया है कि भविष्य में अगर दुकान को तोड़ा जाएगा तो उनके द्वारा फिर से प्रदर्शन किया जाएगा।

पीड़ित पक्ष को एसडीएम न्यायालय से तहसीलदार के फैसले के विरुद्ध स्थगन प्रदान करते हुए बेदखली की कार्यवाही नहीं करने के आश्वासन के साथ पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर की भूख हड़ताल समाप्त हो गई। बुधवार सायं एस.डी.एम. सुनील नायक जिला प्रशासन का संदेश लेकर पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर से मिलने धरना स्थल पहुंचे जहां उन्होंने स्थगन आदेश की कॉपी प्रदान करते हुए बेदखली की कार्यवाही नहीं करने का आश्वासन पत्र पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर को दिया, साथ ही जूस पिलाकर 3 दिनों से चल रहे भूख हड़ताल समाप्त करवाया।

इस भूख हड़ताल से पीड़ित पक्ष मुर्तजा अंसारी को न्याय की आस जगी है। उन्होंने पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे अन्याय के विरुद्ध न्याय की जीत बताया है। इसके साथ ही 3 दिवस से चल रही राजनीतिक और प्रशासनिक रस्साकशी का अंत हो गया।

इसके साथ ही पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर ने इसे झुग्गी झोपड़ी और गरीबों के लिए संघर्ष निरूपित करते हुए इसे अन्याय के खिलाफ न्याय की लड़ाई बताया है। उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में है इसलिए धरना प्रदर्शन स्थगित करने की बात कही है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word