March 17, 2026

परिजन लगे थे विवाह की तैयारी में, हादसे में युवक की मौत

कोरबा 24 मार्च। अगले कुछ दिनों बाद घर में बहू लाने के लिए तैयारी कर रहे परिजनों की खुशी तब काफूर हो गई जब उन्हें कुलदीपक के चल बसने की खबर हुई। कोरबा जिले में हुए हादसे में युवक की जान चली गई, जो सामान्य कामकाज से जुड़ा हुआ था। उरगा पुलिस ने इस मामले में 174 सीआरपीसी के अंतर्गत मर्ग कायम किया है।

जानकारी के अनुसार आज सुबह उरगा मुख्य मार्ग पर यह घटना हुई। यहां पर जय मां वैष्णो देवी ट्रेडर्स नामक प्रतिष्ठान संचालित है। इसके संचालक ने सीमेंट की काफी मात्रा की आपूर्ति करने का ऑर्डर रायपुर के एक निर्माता को दिया था। इनवाइस प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित पार्टी ने एक ट्रक के जरिए सीमेंट कोरबा जिले के लिए रवाना की। संबंधित ट्रक के साथ 27 वर्षीय हेल्पर विनोद नायक निवासी विजयवाड़ा आंध्रप्रदेश भी पहुंचा था। बताया गया कि आज सुबह सीमेंट लोड वाहन उरगा पहुंचा। प्रतिष्ठान के गोदाम में सीमेंट को अनलोड करने का काम किया जा रहा था। इसमें विनोद और अन्य मजदूर जुटे हुए थे। सूत्रों के अनुसार जिस जगह पर वाहन को खड़ा करने के साथ काम किया जा रहा था वहां पर कुछ ही उंचाई से 11केवी की विद्युत लाइन गुजरती है। काम के समय विनोद नायक का संपर्क बिजली तार से हो गया। हाई वोल्टेज करंट लगने से वह बुरी तरह झुलसने के साथ नीचे गिर पड़ा। यहां हुए हादसे से वाहन चालक के साथ-साथ सहकर्मी और सीमेंट दुकान का संचालक सख्ते में आ गया। आनन-फानन में इसकी जानकारी पुलिस को दी गई और पीड़ित को अस्पताल भिजवाया गया। परीक्षण के साथ उसे मृत घोषित कर दिया गया। माना जा रहा है कि घटना के कुछ देर बाद ही उसकी सांसें थम चुकी थी। पुलिस ने बताया कि मृतक को लेकर जानकारी मिली है कि परिजनों ने उसका विवाह तय कर दिया था और अगले कुछ दिनों में यह विवाह संपन्न होना था। घटनाक्रम की जानकारी विजयवाड़ा में दे दी गई है। खबर के आम होने से मृतक के सगे-संबंधियों में मायूसी छाई हुई है, जो जल्द ही विनोद नायक के घर बसने का सपना देख रहे थे।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word