March 21, 2026

एंटी करप्शन ब्यूरो के नाम पर बदमाशों ने 23 लाख रुपये लूटे

जयपुर 27 मार्च: राजस्थान में तीन बदमाशों ने एक बड़ी घटना को अंजाम देते हुए एक व्यवसायी से 23 लाख रुपये लूट कर फरार हो गए.

एंटी करप्शन ब्यूरो के नाम पर लूट का एक मामला सामने आया है. बताया जा रहा हैं कि जयपुर में तीन बदमाश एंटी करप्शन ब्यूरो के अधिकारी बनकर एक व्यवसायी के 23 लाख रुपये लूट ले गए. इन बदमाशों ने पीड़ित परिवार के घर में घुसकर खुद को एसीबी का अधिकारी बताया और छापा मारने लगे. बदमाश ने नगद रुपये लूटकर और जांच के नाम पर अपने साथ दो हार्डडिस्क भी ले गए.

जवाहर नगर पुलिस थाने के मुताबिक यह घटना सेक्टर सात में रहने वाले व्यवसायी दीपक शर्मा के घर घटित हुई है. जानकारी के मुताबिक घटना के समय मकान मालिक दीपक शर्मा का बेटा विनीत घर पर अकेला था. पुलिस ने बताया कि तीन बदमाश फर्जी अधिकारी बनकर दीपक के घर पहुंचे और घर खंगालने लगे. इस दौरान उन्हें घर से 23 लाख रुपये मिले जिसे लेकर वो वहां से फरार हो गए.

घटना के बाद बेटे ने पिता को खबर दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को भी अवगत कराया गया. सूचना मिलते ही डीसीपी ईस्ट अभिजीत सिंह समेत क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंच गयी. पीड़ित दीपक शर्मा और उनके बेटे से पूछताछ जारी है. पूछताछ में सामने आया कि विनीत एसीबी अधिकारी के नाम से डर गया और इस दौरान उसने घर में 23 लाख रुपये होने कि बात कह डाली. हालांकि बाद में पीड़ित को इस रेड पर शक हुआ तो उसने पुलिस को सूचना दी. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है. उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा.

1210
Ranjan Prasad

Spread the word