September 20, 2024

पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा के खिलाफ भाजपा कोरबा के कार्यकर्ताओं ने दिया धरना

कोरबा 6 मई। पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा के विरोध में
जिला भाजपा के सभी कार्यकर्ता कोविंड -19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए अपने घरों के बाहर धरना पर बैठे। प्रदेश संगठन महामंत्री श्री पवन साय और विधायक व पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने राजनीतिक हिंसा की कड़ी निंदा की है।

भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ राजीव सिंह ने बंगाल का चुनाव परिणाम आने के बाद से हिंसा, लूटपाट और विशेष रूप से भाजपा नेताओं कार्यकर्ताओं व पार्टी कार्यालय पर लक्षित हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र की हत्या का प्रयास बताया है। उन्होंने सभी अपराधियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग भी की है।

प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य व रायगढ़ संगठन सह प्रभारी विकास महतो ने कहा कि चार प्रदेश एवं एक केंद्र शासित प्रदेश में आए चुनाव परिणामों को बाकी सभी स्थानों के कार्य कर्ताओं ने बड़ी ही विनम्रता से स्वीकार किया, चाहे परिणाम उनके पक्ष में रहा हो अथवा उनकी आशा के विपरीत । केवल बंगाल में TMC के जीतते ही वहां से इस प्रकार की क्रूरतम घटनाओं की खबर सामने आ रही है । ममता बनर्जी का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वे सिर्फ एक पार्टी की अगुआ के रूप में बदले की भावना से काम कर रही है। पूरे राज्य के सभी नागरिकों की मुख्यमंत्री की तरह नही। ममता बनर्जी को इन घटनाओं पर शर्म आनी चाहिए।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज मिश्रा ने बताया कि प्रदेश संगठन महामंत्री श्री पवन साय संक्षिप्त प्रवास पर उरगा मंडल पहुंचे, जहां वह मंडल के पदाधिकारियों एवं अन्य कार्यकर्ताओं के साथ धरना में शामिल हुए। इसके अलावा भाजपा के बंगाल हिंसा के विरोध में कोरबा जिले में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ राजीव सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष लखनलाल देवांगन, रामपुर विधायक ननकीराम कँवर, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य व रायगढ़ संगठन सह प्रभारी विकास महतो, जिला कोषाध्यक्ष गोपाल मोदी सहित जिले में निवासरत भाजपा प्रदेश टीम के सदस्य, जिले के पदाधिकारी व कार्यसमिति सदस्य, मोर्चा प्रकोष्ठों के सभी सदस्य, निर्वाचित जन प्रतिनिधिगण, सभी मंडल अध्यक्ष व पदाधिकारी गण, बूथ तक के संगठन व मोर्चा प्रकोष्ठ के अनेको कार्यकर्ताओ ने बंगाल हिंसा के खिलाफ अपने अपने निवास के बाहर धरना दिया। धरना के अंत में तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हमले में दिवंगत हुए सभी कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि भी दी गईं।

Spread the word