March 17, 2026

कोरबा: टूलकिट मामले में भाजपा नेताओं ने दिया धरना

कोरबा 22 मई। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमनसिंह और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के खिलाफ टूलकिट मामले में रायपुर पुलिस में दर्ज किए गए एफ आई आर के विरोध में जिला भाजपा ने शनिवार को सी एस ई बी पुलिस चौकी के सामने दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक धरना दिया।

टूलकिट मामले में छत्तीसगढ़ भाजपा के निर्देश पर प्रदेश भर में धरना दिया गया है। इसी क्रम में कोरबा में जिले के रामपुर क्षेत्र से भाजपा विधायक और प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर, सीपत क्षेत्र के पार्टी विधायक रजनेश सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व संसदीय सचिव लखनलाल देवांगन, प्रदेश कार्य समिति सदस्य विकास महतो और जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ राजीव सिंह ने धरना देकर अपनी गिरफ्तारी की मांग की लेकिन पुलिस ने किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं होने के कारण गिरफ्तारी से इनकार कर दिया। इससे पहले सभी नेता भाजपा कार्यालय से पैदल चलकर पुलिस चौकी पहुंचे और उसके सामने धरना पर बैठ गए।

विधायक ननकीराम कंवर ने बताया कि रविवार को कोरबा सहित पूरे प्रदेश में सभी पुलिस थानों- चौकियों में प्रत्येक भाजपा मंडल के पांच-पांच कार्यकर्ता गिरफ्तारी देकर भाजपा नेताओं के खिलाफ दर्ज फर्जी मुकदमा का विरोध करेंगे।

पार्टी सूत्रों के अनुसार शनिवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में 5 – 5 भाजपा नेताओं ने शहर के प्रमुख थानों में पहुंचकर टूलकिट मामले में केवल 02 भाजपा नेताओं के खिलाफ एफ आई आर दर्ज करने पर अपना विरोध जताते हुए जमकर नारेबाजी की। इसके बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के कथित टूलकिट को खुद भी ट्वीट करना बताया और कहा कि ऐसे में उन्हें भी गिरफ्तार किया जाये। लगभग दो घंटे धरना के बाद पुलिस ने नेताओं से कहा कि उनकी गिरफ्तारी नही की जा सकती क्योकि उनके खिलाफ कोई भी एफ आई आर नहीं है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word