March 22, 2026

आसमान में दिखा सूर्य प्रभामंडल का दुर्लभ नजारा, जिसे देख लोग भौचक रह गए

हैदराबाद 3 जून: बुधवार को दोपहर में हैदराबाद के आसमान में एक ऐसा नजारा दिखा जिससे लोग भौंचक्के रह गया। यह ‘सन हेलो’ या सूर्य प्रभामंडल का दुर्लभ नजारा था। इसे ’22 डिग्री सर्कुलर हेलो’ के नाम से भी जाना जाता है, जो बहुत ही असाधारण प्रकाशीय सौर चमत्कार है।

हैदराबाद में बुधवार दोपहर आसमान में सूरज के ऊपर बने सतरंगी छल्ले से लोगों का कौतूहल बढ़ गया। करीब सवा 12 बजे से पौने 1 बजे के बीच इस 22 डिग्री के सूर्य प्रभामंडल को मोबाइल कैमरों में कैद करने वालों की होड़ लग गई। देखते ही देखते सोशल मीडिया पर यह दुर्लभ आकाशीय घटना की तस्वीरें छा गईं। ज्यादातर लोगों ने शहर में इससे पहले प्रकृति के ऐसे मनोरम नजारे को नहीं देखा था। अगर विज्ञान के नजरिए से देखें तो ‘सन हेलो’ तब बनता है, जब वातावरण में बादलों की ऊपरी परत में मौजूद बर्फ के करोड़ों क्रिस्टल पर सूर्य की किरणें पड़ती हैं और उससे टकराकर 22 डिग्री रेडियस का इंद्रधनुषी गोला बनता है। इसलिए इसे सूर्य प्रभामंडल कहा जाता है।

‘सन हेलो’ उन बादलों की वजह से बनाता है जो वातावरण में बहुत ज्यादा ऊंचाई यानी 20,000 फीट से भी ज्यादा पर होते हैं। यह सर्कुलर ‘हेलो’ विशेष रूप से सिरस क्लाउड की वजह से पैदा होता है, जो कि पतला, अलग और बाल की तरह के बादल होते हैं। ऐसे में बादलों में मौजूद बर्फ के क्रिस्टल प्रिज्म और आईने की तरह बर्ताव करते हैं। यह वातावरण की ऐसी प्रकाशीय घटना है, जो कि मौसम विज्ञान विकसित होने से पहले मौसम के पूर्वानुमान लगाने के साधनों में शामिल था। कई बार इसका संकेत ये होता है कि आने वाले 24 घंटों में बारिश होने वाली है। क्योंकि, बारिश की शुरुआत के लिए ऐसे बादल बहुत महत्वपूर्ण माने जाते हैं।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word